1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. बिहार: पत्रकार हत्या मामले की जांच जारी, पत्नी ने सुरक्षा मांगी

बिहार: पत्रकार हत्या मामले की जांच जारी, पत्नी ने सुरक्षा मांगी

 Written By: IANS
 Published : May 18, 2016 05:18 pm IST,  Updated : May 18, 2016 09:46 pm IST

बिहार के सिवान में वरिष्ठ पत्रकार राजदेव रंजन की हत्या मामले में पुलिस को अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है। वैसे पुलिस की पांच टीमों के अलावा कई अन्य टीमें भी इस मामले की जांच में जुटी हुई हैं।

rajdev ranjan- India TV Hindi
rajdev ranjan

सिवान: बिहार के सिवान में वरिष्ठ पत्रकार राजदेव रंजन की हत्या मामले में पुलिस को अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है। वैसे पुलिस की पांच टीमों के अलावा कई अन्य टीमें भी इस मामले की जांच में जुटी हुई हैं। इस बीच पत्रकार की पत्नी ने अपने और परिवार के लिए सुरक्षा की मांग की है।

सिवान के पुलिस अधीक्षक सौरभ कुमार साह ने बुधवार को कहा, "पत्रकार हत्याकांड की जांच करने के लिए पांच टीमें बनाई गई हैं। पांचों टीमें अलग-अलग काम कर रही हैं। अभी तक मिले सुराग के आधार पर जांच व छापेमारी की जा रही है।"

उन्होंने बताया कि इन टीमों के अलावा, विशेष जांच दल (SIT) भी गठित किया गया है और पटना से विशेष कार्य बल (STF) की टीम भी आई है। इधर, पत्रकार की पत्नी आशा देवी को परिवार की सुरक्षा की चिंता सता रही है। उन्होंने अपने बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों के लिए सुरक्षा की मांग की है।

पुलिस के एक अन्य अधिकारी ने कहा, "जांच में अब तक जो बातें सामने आई हैं, उसके मुताबिक यह हत्या किसी पेशेवर शूटर ने की है। पुलिस उस शूटर को गिरफ्तार करने और हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद करने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।"

पुलिस अधीक्षक साह ने दावा किया है कि इस मामले की तह तक पुलिस पहुंच चुकी है और जल्द ही उसका खुलासा कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि सात लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जिसमें उन्हें कुछ अहम सुराग मिले हैं।

इधर, पत्रकार हत्याकांड से जुड़े सीसीटीवी फुटेज को पुलिस ने जब्त कर लिया है। इस फुटेज के आधार पर भी पुलिस को कई तरह की जानकारी मिली है। पत्रकार राजदेव के मोबाइल नंबर पर आने वाले कॉल्स को भी पुलिस खंगाल रही है।

गौरतलब है कि सिवान जिले के हिन्दुस्तान अखबार के ब्यूरो चीफ राजदेव रंजन की अज्ञात हमलावरों ने शुक्रवार की शाम गोली मारकर हत्या कर दी थी और बिहार सरकार को अभी तक इसमें कोई भी सफलता नही मिली हैं। बिहार के मुख्यमंत्री इस पूरे मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से कराने की अनुशंसा कर चुके हैं।

इसके साथ ही विपक्षी दलों का कहना है कि हत्या के तार शहाबुद्दीन से जुडे हुए है। और इसिलिए बिहार सरकार इससे बचना चाहती हैं। लालू प्रसाद यादव राजनीति छोड सकते है, लेकिन शहाबुद्दीन को नही छोड सकते।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत