नई दिल्ली: भारतीय जनत पार्टी (भाजपा) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विजय गोयल पर दिल्ली यातायात पुलिस ने सोमवार को 15 दिवसीय ऑड-ईवन यातायात फॉर्मूला का उल्लंघन करने पर जुर्माना लगाया। एक सरकारी अधिकारी ने कहा कि गोयल अशोका रोड स्थित अपने आवास से जैसे ही कार लेकर मुख्य सड़क पर पहुंचे उन पर जुर्माना लगा दिया गया।
इससे पूर्व, सुबह में दिल्ली के परिवहन मंत्री गोपाल राय ने राज्यसभा सदस्यों से मुलाकात की और उनसे ऑड-ईवन फॉर्मूला का विरोध न करने का अनुरोध किया। उल्लेखनीय है कि भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गोयल ने ऑड-ईवन फॉर्मूला को दिल्ली सरकार का विज्ञापनों पर 'फिजूल खर्च' बताया था और इसका उल्लंघन करने की चेतावनी दी थी।
ऑड-ईवन फॉर्मूला 15 अप्रैल से शुरू हो गया है और 30 अप्रैल तक लागू रहेगा। इसका उद्देश्य शहर के प्रदूषण स्तर पर नकेल कसना है। दिल्ली सरकार यह फॉर्मूला दूसरी बार अमल में लाई है।
वैसे तीन दिन की छुट्टी के बाद आज दिल्ली में ऑड-ईवन का रियल टेस्ट है। दिल्ली में ऑड-ईवन पार्ट-2 का आज तीसरा दिन है। ऑड-ईवन के पहले दिन रामनवमी की छुट्टी थी और फिर शनिवार पड़ गया। ऐसे में स्कूल-दफ़्तर सभी बंद थे और सड़कों पर लोगों की तादाद कम थी लेकिन आज जब सभी स्कूल-कॉलेज और दफ़्तर खुलेंगे, तब ऑड-ईवन का सही असर दिखेगा।