1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. टाइमपास के लिए दोस्तों के साथ ताश खेलने गया था ट्रक ड्राइवर, 24 लोग कोरोना पॉजिटिव हुए

टाइमपास के लिए दोस्तों के साथ ताश खेलने गया था ट्रक ड्राइवर, 24 लोग कोरोना पॉजिटिव हुए

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Apr 26, 2020 08:42 am IST,  Updated : Apr 26, 2020 10:33 am IST

इम्तियाज ने बताया कि इसी तरह की घटना कर्मिका नगर में हुई। ट्रक ड्राइवर ने सोशल डिस्टैंसिंग का उल्लंघन किया जिसकी वजह से 15 लोग कोरोना वायरस की चपेट में आ गए।

कोरोना वायरस की ताज़ा खबरें हिंदी में, विजयवाड़ा- India TV Hindi
कृष्ण लंका इलाके में समय काटने के लिए ट्रक ड्राइवर दोस्तों और पड़ोसियों के साथ मिलकर ताश खेल रहा था | PTI Representational

अमरावती: कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए सरकार बार-बार लोगों से सोशल डिस्टैंसिंग और लॉकडाउन के नियमों का पालन करने की अपील कर रही है, लेकिन कुछ लोग इसका उल्लंघन कर खुद के साथ-साथ दूसरों की भी जान आफत में डाल रहे हैं। ऐसी ही घटना में आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा शहर में लॉकडाउन की वजह से समय काटने के इरादे से दोस्तों और पड़ोसियों के साथ ताश खेलने के चक्कर में 24 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं।

‘ग्रुप बनाकर तंबोला खेल रही थीं महिलाएं’

घटना बारे में जानकारी देते हुए कृष्णा जिले के डीएम ए. मोहम्मद इम्तियाज ने शनिवार को बताया कि विजयवाड़ा के ही एक अन्य इलाके में एक और ट्रक ड्राइवर द्वारा टाइमपास के लिए एक साथ जमा होने की वजह से 15 और लोग कोविड-19 के मरीज हो गए हैं। उन्होंने बताया कि शहर के कृष्ण लंका इलाके में समय काटने के लिए ट्रक ड्राइवर दोस्तों और पड़ोसियों के साथ मिलकर ताश खेल रहा था जबकि महिलाएं ग्रुप बना कर तंबोला खेल रही थी। इस दौरान सोशल डिस्टैंसिंग की धज्जियां उड़ने से 24 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए। 

कर्मिका नगर में 15 लोग संक्रमित
इम्तियाज ने बताया कि इसी तरह की घटना कर्मिका नगर में हुई। ट्रक ड्राइवर ने सोशल डिस्टैंसिंग का उल्लंघन किया जिसकी वजह से 15 लोग कोरोना वायरस की चपेट में आ गए। वीडियो संदेश में जिलाधिकारी ने कहा कि सामाजिक दूरी का अनुपालन नहीं करना संक्रमण बढ़ने का कारण है। उन्होंने संक्रमण से बचने के लिए सामाजिक दूरी का अनुपालन करने की अपील की है। बता दें कि विजयवाड़ा में अब तक कोविड-19 के लगभग 100 मामले सामने आ चुके हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत