1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. बस्सी का AAP पर वार, बोले- बेईमानों को कब्रिस्तान भेज देंगे

बस्सी का AAP पर वार, बोले- बेईमानों को कब्रिस्तान भेज देंगे

 Written By: PTI
 Published : Dec 04, 2015 06:38 pm IST,  Updated : Dec 04, 2015 06:40 pm IST

नई दिल्ली: सत्तारूढ़ आप सरकार द्वारा भ्रष्टाचार का आरोप लगाए जाने पर दिल्ली के पुलिस आयुक्त बीएस बस्सी आज गुस्से में दिखे और कहा कि वह बेईमानों को कब्रिस्तान भेज देंगे। आप के ग्रेटर कैलाश

bs bassi- India TV Hindi
bs bassi

नई दिल्ली: सत्तारूढ़ आप सरकार द्वारा भ्रष्टाचार का आरोप लगाए जाने पर दिल्ली के पुलिस आयुक्त बीएस बस्सी आज गुस्से में दिखे और कहा कि वह बेईमानों को कब्रिस्तान भेज देंगे।

आप के ग्रेटर कैलाश से विधायक सौरभ भारद्वाज ने विधानसभा में एक को-ऑपरेटिव ग्रुप हाउसिंग सोसाइटी में एक फ्लैट के आवंटन से संबंधित मुद्दा उठाया और बस्सी के खिलाफ सीबीआई जांच की मांग की। भारद्वाज ने आरोप लगाया कि बस्सी ने 1979 में सहकारी समिति पंजीयक कार्यालय के अधिकारियों की मिलीभगत से कथित तौर पर नियमों का उल्लंघन कर सोसाइटी में एक फ्लैट हासिल किया था।

डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने कहा कि उन्होंने सहकारी समितियों के पंजीयक से ब्योरा मांगा है। उन्होंने कहा, 'मैंने संबंधित फाइलें मांगी हैं। मुझे बताया गया कि कुछ फाइलें गायब हैं।' बस्सी ने हालांकि कहा कि जिस संपत्तिपर सवाल उठाए जा रहे हैं, वह पूरी तरह वैध और कानूनी तरीके से हासिल की गई थी। उन्होंने कहा कि आप सरकार विद्वेषपूर्ण दुष्प्रचार में शामिल है।

बस्सी ने संवाददाताओं से कहा, 'मुझे सूचना हासिल करनी होगी और जवाब दिया जाएगा। दिल्ली पुलिस आयुक्त छिपकर काम नहीं कर सकता। दिल्ली पुलिस का आयुक्त सड़क पर खड़े होकर काम करता है। मैंने कभी बेईमानी नहीं की और इस तरह के आरोपों से कभी नहीं डरूंगा। इस तरह के बेईमानों को बेईमानों के कब्रिस्तान तक भेज देंगे। उन्होंने कहा कि ऐसी कोई भी अवधारणा गलत है कि दबाव के इस तरह के प्रयासों के बाद पुलिस कानून के अनुसार काम करना बंद कर देगी । उन्होंने बार-बार इस तरह का दुष्प्रचार किया है।'

आप के विधायकों ने कब्रिस्तान टिप्पणी के लिए बस्सी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, विपक्ष के नेता विजेंद्र गुप्ता ने यह कहकर पुलिस आयुक्त का बचाव किया कि आरोप राजनीति से प्रेरित हैं ।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत