1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. झारखंड में अंतिम चरण के मतदान के लिए चुनाव प्रचार समाप्त

झारखंड में अंतिम चरण के मतदान के लिए चुनाव प्रचार समाप्त

 Reported By: Bhasha
 Published : Dec 18, 2019 11:30 pm IST,  Updated : Dec 18, 2019 11:30 pm IST

झारखंड में 20 दिसंबर को 16 विधानसभा सीटों पर होने जा रहे पांचवें और अंतिम चरण के मतदान के लिए चुनाव प्रचार बुधवार को समाप्त हो गया। शुक्रवार को वोट डाले जाने के बाद सभी सीटों पर मतगणना 23 दिसंबर को होगी।

Campaigning for final phase polling ends in Jharkhand- India TV Hindi
Campaigning for final phase polling ends in Jharkhand Image Source : PTI

रांची: झारखंड में 20 दिसंबर को 16 विधानसभा सीटों पर होने जा रहे पांचवें और अंतिम चरण के मतदान के लिए चुनाव प्रचार बुधवार को समाप्त हो गया। शुक्रवार को वोट डाले जाने के बाद सभी सीटों पर मतगणना 23 दिसंबर को होगी। चुनाव आयोग के अधिकारियों ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान के लिए छह जिलों में फैले इन विधानसभा क्षेत्रों में 40,000 से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। बोरियो, बरहेट, लिटीपारा, महेशपुर और शिकारीपारा सीटों पर मतदान सुबह सात बजे शुरू होगा और दोपहर तीन बजे समाप्त होगा, जबकि शेष अन्य सीटों पर मतदान सुबह सात बजे से पांच बजे तक होगा। 

मतदान के अंतिम चरण में राज्य के दो मंत्रियों और पूर्व मुख्यमंत्री एवं झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन की चुनावी किस्मत तय होगी। सोरेन दो सीटों से चुनाव लड़ रहे हैं। दुमका में भाजपा उम्मीदवार और महिला एवं बाल कल्याण मंत्री लुइस मरांडी उन्हें कड़ी टक्कर दे रही हैं जबकि बरहेट में भगवा पार्टी के साइमन मल्टो से उनका मुख्य मुकाबला होने की संभावना है। राज्य के कृषि मंत्री एवं भाजपा नेता रणधीर सिंह, सारठ सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। पूर्व उप मुख्यमंत्री एवं झामुमो के मौजूदा विधायक स्टीफन मरांडी महेशपुर से चुनाव लड़ रहे हैं। 

संथाल परगना क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवारों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय जनजातीय कल्याण मंत्री अर्जुन मुंडा, भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जे पी नड्डा और झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने चुनाव प्रचार किया। वहीं, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और शत्रुघ्न सिन्हा सहित पार्टी के अन्य नेताओं ने कांग्रेस-झामुमो-राजद उम्मीदवारों के लिए वोट मांगा। राज्य विधानसभा की कुल 81 सीटों में से 65 पर चुनाव चार चरणों में संपन्न हो गया है, जो 30 नवंबर से 16 दिसंबर के बीच हुए। मतगणना 23 दिसंबर को होगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत