1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. CAPF में Coronavirus के 24 नए केस, कुल 731 कर्मियों का इलाज जारी

CAPF में Coronavirus के 24 नए केस, कुल 731 कर्मियों का इलाज जारी

 Written By: Bhasha
 Published : May 16, 2020 11:15 pm IST,  Updated : May 16, 2020 11:21 pm IST

केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) में शनिवार को 24 कोरोना वायरस संक्रमण के मामले सामने आए और 159 कर्मी उपचार के बाद स्वस्थ हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

CAPF में Coronavirus के 24 नए केस, कुल 731 कर्मियों का इलाज जारी- India TV Hindi
CAPF में Coronavirus के 24 नए केस, कुल 731 कर्मियों का इलाज जारी Image Source : PTI

नई दिल्ली: केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) में शनिवार को 24 कोरोना वायरस संक्रमण के मामले सामने आए और 159 कर्मी उपचार के बाद स्वस्थ हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। स्वस्थ हुए कर्मियों को 14 दिन के अतिरिक्त पृथक-वास में भेजा गया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि कोविड-19 से ग्रसित हुए 159 और कर्मी उपचार के बाद ठीक हुए। सीआरपीएफ, बीएसएफ, सीआईएसएफ, आईटीबीपी और एसएसबी के 731 कर्मियों का अभी भी इलाज चल रहा है।

सीएपीएफ के छह कर्मियों की कोविड-19 से मौत हो चुकी है। हाल ही में सीआरपीएफ की दिल्ली स्थित 31वीं बटालियन के 44 कर्मी उपचार के बाद ठीक हुए हैं। संक्रमण के ताजा सामने आए मामलों में से 16 बीएसएफ के हैं। शुक्रवार से लेकर अब तक बीएसएफ के 98 कर्मी उपचार के बाद ठीक हो चुके हैं। बीएसएफ के 208 कर्मियों का कोविड-19 का अभी भी इलाज चल रहा है।

बीएसएफ के प्रवक्ता शुभेंदु भारद्वाज ने कहा, “सभी संक्रमित मरीजों को कोविड-19 के निर्दिष्ट अस्पतालों में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। आज जिन 16 कर्मियों में संक्रमण की पुष्टि हुई उनमें बीमारी के लक्षण नहीं दिखाई दिए।” उन्होंने कहा, “अभी तक 135 कर्मी बीमारी से ठीक हो चुके हैं।” सीआरपीएफ में भी संक्रमण के पांच नए मामले सामने आए और अभी बल के 233 कर्मियों का कोविड-19 का इलाज किया जा रहा है।

सीएपीएफ बलों में सीआईएसएफ के सर्वाधिक तीन कर्मियों की कोविड-19 से मौत हुई। सीआईएसएफ में संक्रमण के तीन ताजा मामले सामने आए हैं और 118 कर्मियों का पृथक-वास में इलाज चल रहा है। आईटीबीपी और एसएसबी में संक्रमण का कोई ताजा मामला सामने नहीं आया है। आईटीबीपी में 151 और एसएसबी में 21 कर्मियों का इलाज चल रहा है। एसएसबी के नौ कर्मी इलाज के बाद ठीक हो गए।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत।