1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. Asian Games 2026 Live Updates: शूटिंग में पदक की उम्मीद, कबड्डी में गोल्ड मेडल मैच में जगह बनाने पर रहेंगी नजरें
  Live Now

Asian Games 2026 Live Updates: शूटिंग में पदक की उम्मीद, कबड्डी में गोल्ड मेडल मैच में जगह बनाने पर रहेंगी नजरें

 Written By: Abhishek Pandey
 Updated : Sep 25, 2026 07:22 am IST

एशियन गेम्स 2026 में अब तक भारतीय टीम के खाते में कुल 17 मेडल दर्ज हो चुके हैं, जिसमें 25 सितंबर को इनकी संख्या में बढ़ोतरी होना तय है। इसमें सबसे ज्यादा नजरें शूटिंग के अलग-अलग होने वाले इवेंट्स पर रहेंगी।

Asian Games 2026- India TV Hindi
एशियन गेम्स 2026 Image Source : PTI

जापान के आइची नागोया में चल रहे एशियन गेम्स 2026 में भारतीय टीम के खाते में अब तक कुल 17 मेडल दर्ज हो चुके हैं, जिसमें एक गोल्ड, 7 सिल्वर और 9 ब्रॉन्ज मेडल जीतने में सफलता मिली है। 25 सितंबर को भारतीय दल कई अलग-अलग खेलों के इवेंट्स में हिस्सा लेगा जिसमें सबसे ज्यादा नजरें शूटिंग के इवेंट पर रहने वाली हैं जहां से गोल्ड मेडल की उम्मीद की जा सकती है। वहीं बैडमिंटन के इवेंट्स का भी आगाज होने के साथ भारतीय खिलाड़ी एक्शन में दिखाई देंगे। इसके अलावा कबड्डी में भारत की महिला और पुरुष दोनों टीमें अपने-अपने सेमीफाइनल मुकाबले खेलने उतरेंगी जिसमें उनकी नजरें गोल्ड मेडल मैच में अपनी जगह बनाने पर रहने वाली हैं।

भारतीय कबड्डी टीम की नजरें गोल्ड मेडल मैच में जगह बनाने पर

एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला और पुरुष दोनों कबड्डी टीम का अब तक काफी शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है, जिसमें 25 सितंबर को वह सेमीफाइनल मुकाबला खेलने उतरेंगे। भारतीय महिला कबड्डी टीम का सेमीफाइनल मैच में सामना नेपाल की टीम से होगा जो भारतीय समयानुसार सुबह 9:30 पर शुरू होगा। वहीं भारतीय पुरुष कबड्डी टीम अपना सेमीफाइनल मैच थाईलैंड की टीम के खिलाफ खेलेगी और इस मैच की शुरुआत भारतीय समयानुसार सुबह 10:45 पर होगी। टीम इंडिया की नजरें गोल्ड मेडल मैच के लिए अपनी जगह बनाने पर रहने वाली हैं।

वेटलिफ्टिंग और एथलेटिक्स के इवेंट पर भी रहेंगी नजरें

भारतीय दल आज छठे दिन एथलेटिक्स और वेटलिफ्टिंग के इवेंट्स में भी हिस्सा लेगा, जिसमें महिलाओं के 61 किलोग्राम भार वर्ग के इवेंट में निरुपमा देवी मेडल इवेंट में एक्शन में दिखाई देंगी। वहीं एथलेटिक्स में बात की जाए तो उसमें महिलाओं के शॉट पुट फाइनल में मनप्रीत कौर और कृष्णा जयशंकर मेनन मेडल इवेंट में हिस्सा लेंगे। इसके अलावा महिलाओं के पोल वॉल्ट फाइनल में सिंधुश्री गणेश और बरनिका एलंगोवल भी मेडल इवेंट में एक्शन में होंगे। वहीं कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक जीतने वाले गुलवीर सिंह पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ के इवेंट में हिस्सा लेंगे। वहीं भारतीय समयानुसार शाम 5:10 बजे एथलेटिक्स में पुरुषों के हैमर थ्रो में दमनीत सिंह और प्रवीण कुमार मेडल इवेंट में हिस्सा लेंगे।

 

Live updates :Asian Games Live Updates 25 September

Auto Refresh
Refresh
  • 7:01 AM (IST)
    Posted by Abhishek Pandey

    शूटिंग 10m एयर पिस्टल के मेडल इवेंट में भारतीय जोड़ी ने बनाई जगह

    एशियन गेम्स 2026 में शूटिंग में 10 मीटर एयर पिस्टल के मेडल इवेंट में भारत फाइनल के लिए क्वालिफाई कर गया है। जिसमें कमलजीत और सुरुचि का प्रदर्शन बहुत अच्छा रहा उन्होंने 587 का स्कोर किया, जो वर्ल्ड रिकॉर्ड से सिर्फ चार अंक कम है। भारतीय खिलाड़ियों ने 196, 195 और 196 की शानदार सीरीज खेली और अब सुरुचि और कमलजीत क्वालिफिकेशन में टॉप करते हुए फाइनल में पहुंच गए हैं। फाइनल में सभी खिलाड़ी नए सिरे से शुरुआत करेंगे जहां पर भारत के साथ ईरान, साउथ कोरिया और इंडोनेशिया की टीमें भी होंगी।

  • 6:57 AM (IST)
    Posted by Abhishek Pandey

    टेबल टेनिस के मिक्स्ड डबल्स के क्वार्टर फाइनल भारतीय जोड़ी की अच्छी शुरुआत

    दिया चितले और मानुष शाह ने हांगकांग की जोड़ी वोंग चुन टिंग-डू होई केम के खिलाफ पहला गेम 11-6 से जीत लिया है। यह एक ऐसा मैच है जो मेडल तय कर सकता है और इसकी शुरुआत शानदार रही है।

  • 6:55 AM (IST)
    Posted by Abhishek Pandey

    शूटिंग में 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम क्वालिफाइंग इवेंट में कमलजीत और सुरुचि एक्शन में

    एशियन गेम्स 2026 में कमलजीत और सुरुचि की जोड़ी शूटिंग में 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम क्वालिफाइंग इवेंट में हिस्सा ले रही है, जिसमें उनका अब तक शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है। 20 शॉट्स की पहली सीरीज में 196 पॉइंट्स के बाद, भारतीय जोड़ी ने 20 शॉट्स की दूसरी सीरीज में 195 पॉइंट्स हासिल किए हैं। इस क्वालिफाइंग राउंड में अभी 20 शॉट्स और बाकी हैं और भारतीय जोड़ी फिलहाल टॉप पर है।

  • 6:46 AM (IST)
    Posted by Abhishek Pandey

    ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो की जोड़ी ने जीत से की शुरुआत

    बैडमिंटन में मिक्स्ड डबल्स के पहले राउंड में ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो की भारतीय जोड़ी ने अपना आगाज शानदार जीत के साथ किया है, जिसमें उन्होंने मालदीव के अमिनाथ अब्दुल रज्जाक और निबल अहमद की जोड़ी को 21-8 और 21-7 के अंतर से सीधे सेटों में मात दी।

  • 6:38 AM (IST)
    Posted by Abhishek Pandey

    बैडमिंटन में मिक्स्ड डबल्स में ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो एक्शन में

    एशियन गेम्स 2026 में आज से बैडमिंटन के अलग-अलग इवेंट शुरू हो रहे हैं और भारत की ओर से शुरुआत ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो की मिक्स्ड डबल्स जोड़ी कर रही है। उनका सामना पहले राउंड में मालदीव के अमिनाथ अब्दुल रज्जाक और निबल अहमद की जोड़ी से हो रहा है जिसमें उन्होंने पहला गेम 21-8 से जीत लिया है।

  • 6:36 AM (IST)
    Posted by Abhishek Pandey

    मेडल टैली में भारत 15वें नंबर पर

    एशियन गेम्स 2026 में भारत मेडल टैली में अभी 15वें नंबर पर मौजूद है, जिसमें अब तक एक गोल्ड, 7 सिल्वर और 9 ब्रॉन्ज मेडल सहित कुल 17 पदक जीतने में सफलता मिली है। 25 सितंबर को भी भारतीय दल कई अलग-अलग खेलों के इवेंट्स में हिस्सा लेगा जिसमें मेडल मुकाबले भी शामिल हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।