शिमला-चंबा: चंबा जिले के दूरदराज के इलाके में शुक्रवार शाम एक बस के नाले में गिर जाने से 14 लोगों की मौत हो गयी और 31 लोग घायल हो गए। राहत अभियान की निगरानी करने वाले सलोनी के एसडीएम अजय पराशर ने बताया, हादसा उस वक्त हुआ जब बस सांघनी से डलहौजी जा रही थी। सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि अस्पताल ले जाये जाने के दौरान तीन लोगों ने दम तोड़ दिया। चार अन्य लोगों की अस्पताल में मौत हो गयी।
एसडीएम ने बताया कि मृतकों में 8 लोग स्थानीय थे और 2 पंजाब के संगरूर के रहने वाले थे। चार लोगों की अभी पहचान नहीं हो पायी है। बाथरी सिविल हॉस्पिटल में 10 लोगों की स्थिति गंभीर बतायी गयी जिन्हें आगे इलाज के लिए कांगड़ा के टंडा मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया।
एसडीएम पराशर ने बताया कि राहत अभियान पूरा हो चुका है और सभी यात्रियों को घटनास्थल से ले जाया गया। घायलों को बाथरी और बानीखेत के अस्पातल में भर्ती कराया गया। जिला प्रशासन तत्काल राहत के तौर पर प्रत्येक मृतकों के परिवार को 10,000 रूपये और घायलों को 5,000 रूपया दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने हादसे पर गहरा दुख जताया है और पीडि़तों के परिजनों से शोक संवेदना प्रकट की है।