1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Chhat Puja 2017 : हजारों व्रतियों ने डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य, उमड़ा भक्ति का सैलाब

Chhat Puja 2017 : हजारों व्रतियों ने डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य, उमड़ा भक्ति का सैलाब

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Oct 26, 2017 10:07 pm IST,  Updated : Oct 26, 2017 10:09 pm IST

पटना सहित पूरे बिहार में गंगा तट से लेकर विभिन्न नदियों के किनारे और जलाशयों के तटों पर लाखों छठ व्रतधारियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया और भगवान भास्कर की पूजा-अर्चना की।

Chhath puja- India TV Hindi
Chhath puja Image Source : PTI

पटना: लोक आस्था और सूर्योपासना के पर्व छठ के तीसरे दिन गुरुवार को अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को पहला अर्घ्य दिया गया। पटना सहित पूरे बिहार में गंगा तट से लेकर विभिन्न नदियों के किनारे और जलाशयों के तटों पर लाखों छठ व्रतधारियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अघ्र्य दिया और भगवान भास्कर की पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री आवास और राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद के आवास पर भी भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया गया। छठ पर्व को लेकर हजारों व्रती गंगा के छठ घाट पहुंचे। आम से लेकर खास तक सभी भक्ति में डूब गए। छठ को लेकर पूरा बिहार भक्तिमय हो गया है। गंगा घाट से लेकर विभिन्न नदियों के तटों, तालाब और जलाशयों पर भक्ति का जन सैलाब उमड़ पड़ा। 

मुहल्लों से लेकर गंगा तटों तक यानी पूरे इलाके में छठ पूजा के पारंपरिक गीत गूंजते रहे। राजधानी पटना की सभी सड़कें दुल्हन की तरह सजी हैं। छठ पर्व को लेकर गंगा घाटों में सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की गई है। राजधानी के मुख्य सड़कों से लेकर गलियों तक की सफाई की गई। मुजफ्फरपुर, सासाराम, मुंगेर, खगड़िया, भागलपुर, औरंगाबाद सहित सभी जिलों के गांव से लेकर शहर तक के विभिन्न जलाशयों में पहुंचकर श्रद्धालुओं ने भगवान भास्कर को पहला अघ्र्य दिया। 

छठ पर्व के चार दिवसीय इस अनुष्ठान के अंतिम दिन शुक्रवार को व्रतधारी सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे और इसी के साथ छठ पूजा का समापन हो जाएगा। छठ के मौके पर बिहार के औरंगाबाद स्थित देव सूर्य मंदिर, नवादा के हंडिया सूर्य नारायण मंदिर, पटना के उलार सूर्य मंदिर में लाखों सूर्य उपासक पहुंचे हैं। 

राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद के आवास पर छठ पूजा की धूम है। लालू की पत्नी राबड़ी देवी छठ कर रही हैं। गुरुवार को उन्होंने भी अस्ताचलगामी सूर्य का अर्घ्य अर्पित किया। लालू प्रसाद ने भी अपनी पत्नी को अर्घ्य दिलवाया। इस अवसर पर राबड़ी देवी ने सबों की मंगलकामना की। लालू प्रसाद ने भी छठ को भारतीय संस्कृति का सबसे बड़ा पर्व बताया।  उन्होंने कहा, "छठी मैया की कृपा से सारे कष्ट दूर हो जाते हैं। यह प्रकृति की पूजा है। प्रकृति में सूर्य से ही सभी संचालित होते हैं। उनकी मनोकामना यही है कि सभी की मनोकामनाएं पूरी हों।"

Lalu chhath puja
Image Source : PTILalu chhath puja

उल्लेखनीय है कि बुधवार की शाम व्रतियों ने खरना किया था। खरना के साथ ही व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला उपवास प्रारंभ हो गया। इधर, मुख्यमंत्री आवास में भी छठ के गीत गूंज रहे हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की भाभी और भांजी यहां आकर छठ पर्व कर रही हैं।मुख्यमंत्री आवास में नीतीश कुमार ने भी छठ के मौके पर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया और बिहार की खुशहाली मांगी। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत