1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. छत्तीसगढ़: बोलेरो, ट्रक की टक्कर में BJP मंडल अध्यक्ष सहित 10 लोगों की मौत

छत्तीसगढ़: बोलेरो, ट्रक की टक्कर में BJP मंडल अध्यक्ष सहित 10 लोगों की मौत

 Edited By: India TV News Desk
 Published : Oct 17, 2018 07:21 pm IST,  Updated : Oct 17, 2018 07:21 pm IST

मुख्यमंत्री रमन सिंह ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है और दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है।

accident- India TV Hindi
accident

महासमुंद: नुआपाड़ा में राष्ट्रीय राजमार्ग-353 के पास बुधवार तड़के लगभग दो बजे बोलेरो और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में बोलेरो में सवार 10 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में भाजपा का एक मंडल अध्यक्ष भी शामिल है। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने इस घटना पर शोक प्रकट किया है।

नुआपाड़ा थाने के प्रभारी विवेकानंद महंता ने बताया, "मंगलवार देर रात बोलेरो वाहन क्रमांक सीजी 06 एल 0447 में सवार लोग ओडिशा के कोमना स्थित वैष्णवदेवी मंदिर से दर्शन कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान नुआपाड़ा के एनएच-353 स्थित पेट्रोल पंप के पास रात लगभग दो बजे विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक क्रमांक सीजी 04 एमए 7300 ने बोलेरो को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो में सवार कई लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कुछ गंभीर रूप से घायल हुए लोगों ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिए।"

उन्होंने कहा कि ट्रक चालक के खिलाफ धारा 279, 304, के तहत मामला दर्ज कर मामले की विवेचना की जा रही है। बुधवार सुबह सभी शवों का नुआपड़ा शासकीय अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया और फिर उसे परिजनों को सौंप दिया गया। महंता ने बताया कि सभी मृतक जिले के सांकरा थाना क्षेत्र के निवासी थे, जिसमें छह पुरुष, एक महिला और तीन बालिकाएं शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान सांकरा भाजपा मंडल अध्यक्ष सुरजीत सिंह (पप्पू), बलदीडीह निवासी डॉ. दिनेश डड़सेना व उनकी पत्नी चांदनी डड़सेना व भारती डड़सेना, धनंजय डड़सेना, बलदीडीह के सरपंच पति मेघनाथ निषाद, अंसुला के मुकेश अग्रवाल, दिनेश सोरी, मीना सरसोल और धर्मेन्द्र नेताम के रूप में हुई है।

मुख्यमंत्री रमन सिंह ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है और दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने सड़क हादसे में मारे गए लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है, और मृतकों की आत्मा की चिरशांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत