रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने आज यहां राज्य की ई-डिस्ट्रिक्ट परियोजना का उद्घाटन किया जिसके तहत एकल खिड़की प्रणाली के तहत आम जनता को जन्म प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र, आवासीय एवं आय प्रमाणपत्र आदि सेवाएं आनलाइन मुफ्त प्रदान की जायेंगी।
मुख्यमंत्री के ई-डिस्ट्रिक्ट परियोजना के उद्घाटन के साथ ही सभी जिला मुख्यालयों में भी आज जन सुविधा केन्द्रों का उद्घाटन किया गया जहां से वहां की जनता को सभी आवश्यक सरकारी प्रमाण पत्र मुफ्त उपलब्ध हो सकेंगे। इन सुविधा केन्द्रों से सेवा के अधिकार कानून के तहत आम जनता को मिलने वाले सभी प्रमाणपत्र ऑनलाइन उपलब्ध हो सकेंगे। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर राज्य प्रशासन में पारदर्शिता एवं जवाबदेही लाने के लिए सूचना प्रौद्योगिकी के अधिकाधिक प्रयोग पर बल दिया।