1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. 2016-18 के बीच चीन ने 1025 बार सीमा का उल्लंघन किया: सरकारी आंकड़े

2016-18 के बीच चीन ने 1025 बार सीमा का उल्लंघन किया: सरकारी आंकड़े

 Written By: Bhasha
 Published : Nov 27, 2019 11:36 pm IST,  Updated : Nov 27, 2019 11:36 pm IST

सरकार ने संसद को बुधवार को बताया कि 2016 से 2018 के बीच चीन की सेना द्वारा 1025 बार भारतीय सीमा का उल्लंघन किया गया।

India-China border (File Photo)- India TV Hindi
India-China border (File Photo) Image Source : PRESS TRUST OF INDIA

नई दिल्ली: सरकार ने संसद को बुधवार को बताया कि 2016 से 2018 के बीच चीन की सेना द्वारा 1025 बार भारतीय सीमा का उल्लंघन किया गया। रक्षा राज्यमंत्री श्रीपाद नाइक ने लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित जवाब में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 2016 में चीन की सेना का भारतीय सीमा द्वारा 273 बार उल्लंघन किया गया जो 2017 में बढ़कर 423 हो गये। 2018 में ऐसे मामलों की संख्या 326 थी। 

उन्होंने कहा कि भारत इस बात को सुनिश्चित करने के उपाय कर रहा है कि रक्षा बल अभियानगत एवं सुरक्षा चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार रहे। नाइक ने कहा कि 2019 में चीन की सेना द्वारा सीमा का उल्लंघन किये जाने की घटनाओं की संख्या के बारे में जानकारी एकत्र की जा रही है। उन्होंने कहा कि भारत एवं चीन के बीच वास्तविक नियंत्रण रेखा को पारस्परिक ढंग से सीमांकित नहीं किया गया है। कई ऐसे क्षेत्र हैं जिनके बारे में दोनों पक्षों की भिन्न धारणाएं हैं। 

मंत्री ने कहा, ‘‘चूंकि दोनों पक्ष अपनी संबंधित धारणा वाली वास्तविक नियंत्रण रेखा पर गश्त करते हैं, सीमा का उल्लंघन होता है। सरकार यह सुनिश्चित करने के उपाय कर रही है कि रक्षा बल अभियानगत एवं सुरक्षा चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार रहें।’’ भारत और चीन के बीच 3448 किमी लंबी वास्तविक नियंत्रण रेखा पर विवाद के क्षेत्र हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत