नई दिल्ली: देशभर में पूरे हर्षोल्लास और पारंपरिक तरीके से आज क्रिसमस का त्यौहार मनाया गया। जश्न की शुरूआत मिडनाइट मास से हुई और फिर कैरोल की धूम रही। ईसा मसीह का जन्मदिन मनाने के लिए लोग भारी संख्या में चर्चों में एकत्र हुए। रात को घंटियों की आवाज के साथ ही श्रद्धालु गिरजाघरों और कैथेड्रलों में पहुंचे जो ईसा मसीह का जन्मदिन मनाने की खातिर मिडनाइट मास के लिए पूरी तरह सजे हुए थे। लोगों ने एक दूसरे को बधाइयां दीं और जुलूस निकाले।
हवाओं में परंपरागत क्रिसमस कैरोल की गूंज सुनाई दी और जोस्पेल बैंड ने जिंगल बेल्स, ओ होली नाइट तथा सैंटा क्लॉज इज कमिंग टू टाउन जैसे गीत बजा कर त्यौहार का आनंद दोगुना कर दिया। लाल ड्रेस, सफेद दाढ़ी और फुंदने वाली टोपी पहने सैंटा क्लॉज के लिए आज का दिन बहुत व्यस्तता भरा था क्योंकि वह जगह जगह जा कर लोगों से मिल रहे थे, उन्हें बधाई दे रहे थे।
दिल्ली में क्रिसमस के जश्न में ठंड का कोई असर नजर नहीं आया। बाजारों में सैंटा कैप पहने लोग खरीदारी करते रहे। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सैक्रेड हार्ट कैथेड्रल गए और लोगों को बधाई दी। गैर ईसाई समुदाय के लोगों ने सोशल मीडिया के जरिये शुभकामनाएं दीं तथा क्रिसमस पार्टियों में हिस्सा लिया। व्हाट्सएप्प, फेसबुक और अन्य ऑनलाइन माध्यमों से दिन भर बधाइयों का सिलसिला चलता रहा।