1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. अमर सिंह के निधन पर सीएम योगी ने जताया दुख

अमर सिंह के निधन पर सीएम योगी ने जताया दुख

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Aug 01, 2020 06:08 pm IST,  Updated : Aug 02, 2020 12:12 am IST

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने पूर्व सांसद अमर सिंह के निधन पर दुख जताया है।

CM Yogi expressed grief over Amar Singh's death अमर सिंह के निधन पर सीएम योगी ने जताया दुख- India TV Hindi
अमर सिंह के निधन पर सीएम योगी ने जताया दुख Image Source : PTI

लखनऊ. यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने अमर सिंह के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने कार्यालय की तरफ से किए ट्वीट में कहा गया, " मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने राज्य सभा सांसद अमर सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अमर सिंह एक वरिष्ठ एवं अनुभवी राजनेता थे। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शान्ति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की हैं।"

आपको बता दें कि अमर सिंह का सिंगापुर में उपचार के दौरान निधन हो गया। वह 64 वर्ष के थे। सिंह का 2011 में किडनी का प्रतिरोपण हुआ था और वह लंबे समय से बीमार थे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट किया, “वरिष्ठ नेता और सांसद अमर सिंह के निधन की खबर सुनकर दुख हुआ।” दिन की शुरुआत में पूर्व समाजवादी नेता सिंह ने ट्विटर पर संदेश लिखकर बाल गंगाधर तिलक की सौवीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दी थी और लोगों को ईद की बधाई दी थी।

राज्य सभा सदस्य अमर सिंह एक ऐसा नेता के रूप में जाने जाते रहेंगे, जिन्होंने बहुत ही कौशल से राजनीति के तार कॉरपोरेट जगत से जोड़े और इसमें फिल्मी ग्लैमर का कुछ अंश भी शामिल किया। फिर, समाजवादी नेता मुलायम सिंह से अनूठे जुड़ाव के साथ गठबंधन युग की राजनीति में एक अमिट छाप भी छोड़ी।

उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में जन्मे सिंह ने कोलकाता में कांग्रेस के छात्र परिषद के युवा सदस्य के रूप में अपने सफर की शुरूआत की, जहां उनके परिवार का कारोबार था। फिर वह लुटियंस दिल्ली की राजनीति में राजनीतिक प्रबंधन का चर्चित चेहरा बन गये। समझा जाता है कि उन्होंने संप्रग-1 सरकार को 2008 में लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव के दौरान समाजवादी पार्टी (सपा) का समर्थन दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत।