नई दिल्ली: उत्तर भारत में एक सप्ताह तक अपेक्षाकृत गर्म मौसम रहने के बाद ठंड ने फिर से वापसी कर ली है और क्षेत्र में कोहरा छाये रहने के कारण कई रेलगाडि़यां देरी से चल रही है। इस बीच, जम्मू कश्मीर के लद्दाख में गश्ती के दौरान हिमस्खलन की चपेट में आने से चार सैनिकों की मौत हो गई।
उधमपुर के रक्षा प्रवक्ता कर्नल एस डी गोस्वामी ने बताया, लद्दाख के चार जवानों की मौत कल अपराह्न साढ़े चार बजे उस समय हो गई जब लद्दाख के दक्षिणी ग्लेशियर पर उनका गश्ती दल हिमस्खलन की चपेट में आ गया था।
हिमस्खलन के तुरंत बाद, एक बचाव अभियान शुरू किया गया लेकिन चार जवानों की जान नहीं बचाई जा सकी। राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस के साथ कोहरे की स्थिति बनी रही।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि अधिकतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि मौसम के औसत तापमान से चार डिग्री अधिक है। श्रीनगर में इस मौसम की पहली भारी बर्फबारी हुई और पिछले दो सप्ताह के दौरान पहली बार घाटी के अधिकर क्षेत्रों में तापामन जमाव बिंदु से उपर दर्ज किया गया जिससे ठंड से थोड़ी राहत महसूस की गई।