नई दिल्ली: दिल्ली के बवाना स्थित अदिति महाविद्यालय के एक टीचर पर छात्राओं से छेड़छाड़ करने का का गंभीर आरोप लगा है। छात्राओं का आरोप है कि टीचर महज कुछ नंबरों के एवज में उन्हें अश्लील मैसेज भेजा करता था और गंदी बातें किया करता था। छात्राओं की शिकायत के आधार पर पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है। इस तरह की शिकायत करने वाली छात्राओं की संख्या एक या दो नहीं बल्कि तीस है। इस मामले को संज्ञान में लेते हुए कॉलेज प्रशासन को 15 पेज की लिखित शिकायत भेजी गई है।
क्या है छात्राओं का आरोप:
आरोप लगाने वाली सभी छात्राएं कॉलेज के सोशल वर्क डिपार्टमेंट में फाइनल ईयर की पढ़ाई कर रही हैं। आरोपी टीचर भी सोशल वर्क डिपार्टमेंट की क्लास को पढ़ाता है। पीड़ित 30 छात्राओं ने पुलिस को अपना बयान भी दर्ज करा दिया है। पुलिस को दिए गए बयान में छात्राओं ने बताया कि आरोपी टीचर 25 नंबर देने के एवज में अश्लील बातें किया करता था। छात्राओं ने सबूत के तौर पर अपने मोबाइल पर भेजे गए अश्लील संदेश भी दिखाए।
क्या हुई कार्यवाही:
इस मामले पर संज्ञान लेते हुए कॉलेज प्रशासन को 15 पेज की लिखित शिकायत भेजकर उनसे इसपर जवाब मांगा गया है। लेकिन पीड़ित छात्राओं की शिकायत पर अभी तक कोई जायज कार्यवाही नहीं हुई है।