1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. कांग्रेस ने की चीन गतिरोध पर पारदर्शिता की मांग, राहुल बोले सब को मालूम है ‘सीमा’ की हक़ीक़त लेकिन..

कांग्रेस ने की चीन गतिरोध पर पारदर्शिता की मांग, राहुल बोले सब को मालूम है ‘सीमा’ की हक़ीक़त लेकिन..

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jun 08, 2020 09:25 pm IST,  Updated : Jun 08, 2020 11:39 pm IST

कांग्रेस ने लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर चीन की सेना के साथ चल रहे गतिरोध को लेकर सोमवार को सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।

Indo China- India TV Hindi
Indo China Image Source : FILE

नयी दिल्ली। कांग्रेस ने लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर चीन की सेना के साथ चल रहे गतिरोध को लेकर सोमवार को सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने एक रक्षा विशेषज्ञ के ट्वीट को रिट्वीट करते हुए कहा, ‘‘मीडया का मुंह बंद है और सहमा हुआ है। लगता है कि सच्चाई नजर नहीं आ रही। लेकिन सच्चाई हर भारतीय सैन्य अधिकारी और सैनिक के लहू में दौड़ती है। वे जानते हैं कि लद्दाख में क्या हो रहा है।’’ कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने वीडियो लिंक के माध्यम से संवाददाताओं से कहा, ‘‘हम जिम्मेदार राजनीतिक दल हैं। हम स्पष्टता चाहते हैं।’’ उन्होंने सवाल किया कि क्या सरकार ने हमें इन मुद्दों पर विश्वास में लिया कि चीन कितने किलोमीटर अंदर आया है, नेपाल कितने किलोमीटर की मांग कर रहा है? 

राहुल गांधी ने मौजूदा समय में देश की रक्षा नीति को वैश्विक स्वीकृति मिलने से जुड़े गृह मंत्री अमित शाह के बयान को लेकर भी सोमवार को उन पर शायराना अंदाज में निशाना साधा। गांधी ने लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा पर गतिरोध का परोक्ष रूप से हवाला देते हुए ट्वीट किया, ‘‘ सब को मालूम है ‘सीमा’ की हक़ीक़त, लेकिन दिल के ख़ुश रखने को ‘शाह-यद’ ये ख्याल अच्छा है।’’ दरअसल, शाह ने बिहार में वीडियो कांफ्रेस के माध्यम से रविवार को की गई सभा में कहा था कि भारत की रक्षा नीति को वैश्विक स्वीकृति मिली है। अमेरिका और इज़राइल के बाद पूरी दुनिया इससे सहमत है कि यदि कोई अन्य देश अपनी सीमाओं की रक्षा करने में सक्षम है, तो वह भारत है। 

राहुल गांधी एवं कांग्रेस भारत और चीन के बीच सीमा पर गतिरोध को लेकर पिछले कुछ हफ्ते में सरकार से कई बार सवाल कर चुके हैं। पिछले दिनों उन्होंने सवाल किया था कि क्या सरकार इस बात की पुष्टि कर सकती है कि चीन का कोई भी सैनिक भारतीय सीमा में दाखिल नहीं हुआ है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत