नई दिल्ली: भारत के पूर्व विदेश मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद ने इस्लामाबाद में मोदी सरकार की जमकर खिंचाई की। उनके दिए बयान पाकिस्तानी मीडिया में सुर्खियां बन गए हैं। उन्होंने इस्लामाबाद में कहा, ‘भारत सरकार ने दक्षिण एशिया में शांति बनाए रखने के लिए पाकिस्तान के अमन के पैगाम का उचित जवाब नहीं दिया।’
पाकिस्तानी अखबार ‘द एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ ने खुर्शीद के हवाले से लिखा है, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अभी नए हैं और स्टेट्समैन कैसे बना जाता है, यह उनको सीखना है। 1947 के बाद से अब तक दुनिया कई बड़ी समस्याओं का समाधान निकाल चुकी है, लेकिन भारत-पाकिस्तान आज भी वहीं खड़े हैं।’
खुर्शीद ने इन्टॉलरेंस के मुद्दे पर भड़ास निकालते हुए कहा, मोदी को उन लोगों से बात करने की आदत नहीं है, जो उनसे अलग विचार रखते हैं।’
खुर्शीद गुरुवार शाम इस्लामाबाद के जिन्ना इंस्टीट्यूट में भाषण दे रहे थे। गौरतलब है कि जिन्ना इंस्टीट्यूट हर साल अलग-अलग टॉपिक पर सेमिनार करता है और इस साल इंस्टीट्यूट ने खुर्शीद को बतौर स्पीकर नयोता दिया था।
पाकिस्तानी अखबारों में खुर्शीद के बयान को कुछ इस अंदाज में पेश किया गया –
द डॉन - अमन के लिए पाकिस्तान की कोशिशों को नजरअंदाज करने के लिए भारत के ही पूर्व मंत्री ने भाजपा की आलोचना की।
पाक ट्रिब्यून - खुर्शीद के हवाले से लिखा कि मोदी अब भी सीख ही रहे हैं कि अच्छा नेता कैसे बना जाए।
डेली टाइम्स और पाकिस्तान टुडे - सलमान खुशीदी की मानें तो भारत सरकार को कोई अंदाजा ही नहीं है कि उसे पाकिस्तान को लेकर क्या पॉलिसी अपनानी है।