1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. भारत में 100 करोड़ के करीब पहुंचा कोरोना वैक्सीनेशन का आंकड़ा

भारत में 100 करोड़ के करीब पहुंचा कोरोना वैक्सीनेशन का आंकड़ा

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Oct 20, 2021 11:09 pm IST,  Updated : Oct 20, 2021 11:09 pm IST

बुधवार शाम सवा सात बजे तक कोविन पोर्टल से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, देश में टीके की 99.54 करोड़ खुराक लगाई जा चुकी हैं।

भारत में 100 करोड़ के करीब पहुंचा कोरोना वैक्सीनेशन का आंकड़ा- India TV Hindi
भारत में 100 करोड़ के करीब पहुंचा कोरोना वैक्सीनेशन का आंकड़ा Image Source : PTI/FILE

नई दिल्ली: कोविड-19 से बचाव के लिए देश में जारी टीकाकरण के तहत दी गई खुराकों की संख्या 100 करोड़ के करीब पहुंच गई है। इस बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने बुधवार को टीकाकरण के लिए पात्र लोगों से बिना देरी टीका लगवाने और भारत की ऐतिहासिक टीकाकरण यात्रा में योगदान देने की अपील की। 

भारत में टीकाकरण के तहत 100 करोड़ खुराक दिए जाने का जश्न मनाने के लिए कई कार्यक्रमों की योजना बनाई गई है। देश में 100 करोड़ खुराक दिए जाने के अवसर पर मांडविया लाल किले से गायक कैलाश खेर का गीत और ऑडियो-विजुअल फिल्म जारी करेंगे। 

मांडविया ने ट्वीट किया, ‘‘देश वैक्सीन शतक बनाने के करीब है। इस स्वर्णिम अवसर के सहभागी बनने के लिए देशवासियों से मेरी अपील है कि जिनका टीकाकरण बाकी है वो तत्काल टीका लगवाकर, भारत की इस ऐतिहासिक स्वर्णिम टीकाकरण यात्रा में अपना योगदान दें।’’ 

100 करोड़ खुराक की उपलब्धि हासिल होने पर स्पाइसजेट बृहस्पतिवार को दिल्ली हवाई अड्डे पर विशेष वर्दी जारी करेगी। इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया, नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और स्पाइसजेट के मुख्य प्रबंध निदेशक अजय सिंह मौजूद रहेंगे।

मांडविया ने इससे पहले कहा था कि जब भारत टीके की 100 करोड़ खुराक लगाने की उपलब्धि प्राप्त करेगा तक इसकी घोषणा विमानों, पोतों, मेट्रो और रेलवे स्टेशनों पर की जाएगी। यह उपलब्धि प्राप्त करने की खुशी दिल्ली में केंद्र सरकार के अस्पतालों में भी मनाई जाएगी। 

बुधवार शाम सवा सात बजे तक कोविन पोर्टल से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, देश में टीके की 99.54 करोड़ खुराक लगाई जा चुकी हैं। करीब 75 प्रतिशत वयस्कों को टीके की कम से कम एक खुराक लग चुकी है जबकि 31 प्रतिशत आबादी को दोनों खुराक लग चुकी है। 

मांडविया ने कहा, ‘‘टीके की 100 करोड़ खुराक लगाने के बाद हम मिशन के तहत सुनिश्चित करेंगे कि जिन्हें पहली खुराक लग चुकी हैं उन्हें दूसरी खुराक भी लगे ताकि कोविड-19 से उनकी सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।’’ 

केंद्र ने कहा कि जिन गांवों में शत प्रतिशत टीकाकरण हो चुका हैं उन्हें 100 करोड़ खुराक लगाने की उपलब्धि मनाने के लिए इस अभियान में अहम स्वास्थ्य कर्मियों की प्रशंसा में पोस्टर बैनर लगाने चाहिए।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत