1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. भारत में ब्राजील, रूस और इटली से भी कम एक्टिव कोरोना केस, लेकिन 24 घंटे में 500 से ज्यादा मौतें

भारत में ब्राजील, रूस और इटली से भी कम एक्टिव कोरोना केस, लेकिन 24 घंटे में 500 से ज्यादा मौतें

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Dec 02, 2020 10:23 am IST,  Updated : Dec 02, 2020 10:23 am IST

स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना के एक्टिव मामलों में 6959 की कमी आई है और अब देश में 428644 एक्टिव केस बचे हैं।

पिछले 24 घंटों के दौरान...- India TV Hindi
पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना वायरस के 10 लाख से ज्यादा टेस्ट हुए हैं Image Source : PTI

नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस के मामलों में पहले के मुकाबले कमी और पहले के मुकाबले ज्यादा तेजी से ठीक होते लोगों की वजह से देश में कोरोना के एक्टिव मामलों में लगातार कमी देखने को मिल रही है और कोरोना वायरस के कुल मामलों में भले ही भारत दूसरे नंबर पर हो लेकिन कोरोना वायरस के एक्टिव मामलों में भारत सातवें स्थान पर खिसक गया है जो एक बड़ी राहत की बात है। भारत में अब ब्राजील, रूस, इटली, बेल्जियम और फ्रांस से भी कम एक्टिव कोरोना मामले बचे हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना के एक्टिव मामलों में 6959 की कमी आई है और अब देश में 428644 एक्टिव केस बचे हैं। वहीं दूसरी तरफ अमेरिका में 54 लाख से ज्यादा, ब्राजील में 5.58 लाख से अधिक, रूस में 4.78 लाख, फ्रांस में 20 लाख से ज्यादा, इटली में 7.79 लाख और बेल्जियम में 5.24 लाख से ज्यादा एक्टिव कोरोना मामले हैं।

भारत में कोरोना के नए मामलों में पहले के मुकाबले कमी जरूर आई है लेकिन अभी भी भारी संख्या में केस आ रहे हैं, स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना वायरस के 36604 नए मामले दर्ज किए गए हैं और कुल मामलों का आंकड़ा बढ़कर 94,99,413 तक पहुंच गया है। हालांकि इस आंकड़े में अधिकतर संख्या ठीक हो चुके लोगों की है। देश में अबतक 8932647 लोग कोरोना से ठीक हो चुके हैं।

वायरस की वजह से होने वाली मौतों में एक बार फिर से बड़ोतरी हुई है, रोजाना मौतों का आंकड़ा 500 के नीचे आ गया था लेकिन पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना की वजह से 501 लोगों की जान गई है और अबतक कुल 138122 लोग इस वायरस की वजह से अपनी जान गंवा चुके हैं।

कोरोना मरीजों की पहचान के लिए सरकार की तरफ से टेस्टिंग को लगातार बढ़ाया जा रहा है। देशभर में रोजाना भारी संख्या में कोरोना टेस्ट हो रहे हैं। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) के अनुसार मंगलवार को देशभर में 10.96 लाख से ज्यादा कोरोना टेस्ट हुए हैं और देश में कुल टेस्टिंग का आंकड़ा 14.24 करोड़ को पार कर गया है।

वैश्विक स्तर पर कोरोना वायरस के मामलों की बात करें तो दुनियाभर में कुल मामलों का आंकड़ा बढ़कर 6.41 करोड़ के पार पहुंच गया है, अबतक दुनियाभर में कोरोना वायरस की वजह से 14.86 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि पूरी दुनिया में 4.44 करोड़ से ज्यादा लोग कोरोना वायरस से ठीक भी हो चुके हैं। दुनियाभर में कोरोना वायरस के सबसे अधिक मामले अमेरिका में हैं जहां पर 1.41 करोड़ से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं और 2.76 लाख से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। इसके बाद भारत का स्थान है और भारत के बाद तीसरे नंबर पर ब्राजील है जहां पर 63.88 लाख मामले सामने आए हैं और 1.73 लाख से ज्यादा लोगों की जान गई है। चौथे नंबर पर रूस है जहां पर 23.22 लाख कोरोना मामले दर्ज किए जा चुके हैं और 40 हजार से ज्यादा लोगों की जान गई है। पांचवें नंबर पर फ्रांस है जहां पर 22.30 लाख मामले आ चुके हैं और 53 हजार से ज्यादा की जान गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत