1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Coronavirus के कुल मामले 95 लाख के पार, लेकिन सिर्फ 4.22 लाख बचे हैं एक्टिव केस

Coronavirus के कुल मामले 95 लाख के पार, लेकिन सिर्फ 4.22 लाख बचे हैं एक्टिव केस

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Dec 03, 2020 09:36 am IST,  Updated : Dec 03, 2020 09:36 am IST

भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) के अनुसार बुधवार को देशभर में 11.11 लाख से ज्यादा कोरोना टेस्ट हुए हैं और देश में कुल टेस्टिंग का आंकड़ा 14.35 करोड़ को पार कर गया है

देशभर में कोरोना...- India TV Hindi
देशभर में कोरोना वायरस टेस्टिंग में लगातार बढ़ोतरी हो रही है Image Source : PTI

नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस के कुल मामले 95 लाख के पार पहुंच गए हैं, हालांकि इनमें अधिकतर लोग ठीक हो चके हैं और कोरोना के एक्टिव मामलों की संख्या 4.43 प्रतिशत ही बची है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक देश में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस के 35551 नए केस दर्ज किए गए हैं जिस वजह से अब कुल कोरोना वायरस मामलों का आंकड़ा बढ़कर 95,34,964 हो गया है।

हालांकि कुल कोरोना मामलों में ठीक होने वाले लोगों की संख्या ज्यादा है जिस वजह से देश में कोरोना के एक्टिव केस बहुत कम हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना के एक्टिव मामलों में 5701 की कमी आई है और अब देश में 422943 एक्टिव केस बचे हैं। देश में अबतक कोरोना वायरस से 8973373 लोग पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं।

हालांकि वायरस की वजह से होने वाली मौतों में एक बार फिर से बढ़ोतरी हुई है, रोजाना मौतों का आंकड़ा गुरुवार को लगातार दूसरे दिन 500 के ऊपर रहा है, स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना वायरस से 526 लोगों की जान गई है और अबतक यह वायरस देश में 138648 लोगों की मौत का कारण बन चुका है।

 

कोरोना मरीजों की पहचान के लिए सरकार की तरफ से टेस्टिंग को लगातार बढ़ाया जा रहा है। देशभर में रोजाना भारी संख्या में कोरोना टेस्ट हो रहे हैं। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) के अनुसार बुधवार को देशभर में 11.11 लाख से ज्यादा कोरोना टेस्ट हुए हैं और देश में कुल टेस्टिंग का आंकड़ा 14.35 करोड़ को पार कर गया है।

वैश्विक स्तर पर कोरोना वायरस के मामलों की बात करें तो दुनियाभर में कुल मामलों का आंकड़ा बढ़कर 6.48 करोड़ के पार पहुंच गया है, अबतक दुनियाभर में कोरोना वायरस की वजह से 14.99 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि पूरी दुनिया में 4.49 करोड़ से ज्यादा लोग कोरोना वायरस से ठीक भी हो चुके हैं। दुनियाभर में कोरोना वायरस के सबसे अधिक मामले अमेरिका में हैं जहां पर 1.43 करोड़ से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं और 2.79 लाख से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। इसके बाद भारत का स्थान है और भारत के बाद तीसरे नंबर पर ब्राजील है जहां पर 64.36 लाख मामले सामने आए हैं और 1.74 लाख से ज्यादा लोगों की जान गई है। चौथे नंबर पर रूस है जहां पर 23.47 लाख कोरोना मामले दर्ज किए जा चुके हैं और 41 हजार से ज्यादा लोगों की जान गई है। पांचवें नंबर पर फ्रांस है जहां पर 22.44 लाख मामले आ चुके हैं और 53 हजार से ज्यादा की जान गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत