1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. कोरोना के एक्टिव मामले 5% से भी कम, लेकिन मौतों के आंकड़े में बढ़ोतरी

कोरोना के एक्टिव मामले 5% से भी कम, लेकिन मौतों के आंकड़े में बढ़ोतरी

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Nov 19, 2020 09:34 am IST,  Updated : Nov 19, 2020 09:34 am IST

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना वायरस के 45576 नए केस दर्ज किए गए हैं, एक्टिव मामलों में 3502 की कमी आई है और कोरोना से 48493 लोग ठीक हुए हैं।

बुधवार को दिल्ली...- India TV Hindi
बुधवार को दिल्ली नोएडा बॉर्डर पर कोरोना टेस्टिंग के लिए सैंपल लेता हुआ स्वास्थ्य कर्मी Image Source : PTI

नई दिल्ली। कोरोना वायरस की जानकारी को लेकर रोजाना को लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जारी होने वाले आंकड़ों के मुताबिक देश मं अब कोरोना वायरस के एक्टिव मामले 5 प्रतिशत से भी कम रह गए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक गुरुवार सुबह तक देशभर में कोरोना वायरस के कुल एक्टिव मामले 443303 रह गए हैं जो देश में अबतक आए कुल कोरोना मामलों का सिर्फ 4.94 प्रतिशत है। देश में अबतक कुल 89,58,483 कोरोना वायरस मामले सामने आ चुके हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना वायरस के 45576 नए केस दर्ज किए गए हैं, एक्टिव मामलों में 3502 की कमी आई है और कोरोना से 48493 लोग ठीक हुए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक अबतक देशभर में कोरोना वायरस से कुल 8383602 लोग पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं।

कोरोना की वजह से जान गंवाने वालों की बात करें तो स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना की वजह से 585 लोगों की जान गई है। पिछले कुछ दिनों से रोजाना मौतों का आंकड़ा 500 के नीचे रह रहा था लेकिन गुरुवार को आंकड़ा फिर 500 के पार चला गया है। देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना की वजह से मौतों में बढ़ोतरी हुई है, बुधवार को दिल्ली में कोरोना की वजह से रिकॉर्ड 131 लोगों की जान गई है जिस वजह से राष्ट्रीय स्तर पर मौतों के आंकड़े में बढ़ोतरी हुई है।

कोरोना मरीजों की पहचान के लिए सरकार की तरफ से टेस्टिंग को लगातार बढ़ाया जा रहा है। देशभर में रोजाना भारी संख्या में कोरोना टेस्ट हो रहे हैं। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) के अनुसार बुधवार को देशभर में 10.28 लाख से ज्यादा कोरोना टेस्ट हुए हैं और देश में कुल टेस्टिंग का आंकड़ा 12.85 करोड़ को पार कर गया है।

वैश्विक स्तर पर कोरोना वायरस के मामलों की बात करें तो दुनियाभर में कुल मामलों का आंकड़ा बढ़कर 5.65 करोड़ के पार पहुंच गया है, अबतक दुनियाभर में कोरोना वायरस की वजह से 13.54 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि पूरी दुनिया में 3.93 करोड़ से ज्यादा लोग कोरोना वायरस से ठीक भी हो चुके हैं। दुनियाभर में कोरोना वायरस के सबसे अधिक मामले अमेरिका में हैं जहां पर 1.18 करोड़ से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं और 2.56 लाख से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। इसके बाद भारत का स्थान है और भारत के बाद तीसरे नंबर पर ब्राजील है जहां पर 59.47 लाख मामले सामने आए हैं और 1.67 लाख से ज्यादा लोगों की जान गई है। चौथे नंबर पर फ्रांस है जहां पर 20.65 लाख मामले हैं और 46 हजार से ज्यादा की जान गई है और पांचवें नंबर पर रूस है जहां पर 19.91 लाख मामले आ चुके हैं और 34 हजार से ज्यादा की जान गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत