1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Coronavirus को लेकर फिर बढ़ी चिंता, 24 घंटे में 6000 से ज्यादा बढ़े एक्टिव केस

Coronavirus को लेकर फिर बढ़ी चिंता, 24 घंटे में 6000 से ज्यादा बढ़े एक्टिव केस

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Nov 25, 2020 09:37 am IST,  Updated : Nov 25, 2020 09:37 am IST

पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना वायरस के नए मामले ज्यादा आए हैं और ठीक होने वालों की संख्या कम रही है इस वजह से कोरोना के एक्टिव मामले बढ़े हैं

कोरोना वायरस से...- India TV Hindi
कोरोना वायरस से जागरुकता के लिए दिल्ली में एक दीवार पर उकेरे गए चित्र Image Source : PTI

नई दिल्ली। कोरोना वायरस को नियंत्रित करने के लिए रणनीति बनाने को लेकर मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यों के मुख्यमंत्रियों से बात की है और प्रधानमंत्री ने क्यों इसकी पहल की है इसका अंदाजा देश में कोरोना के बढ़ते एक्टिव मामलों से लगाया जा सकता है। पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना वायरस के एक्टिव मामलों में 6000 से ज्यादा की बढ़ोतरी है जिससे पता चलता है कि कोरोना का संक्रमण एक बार फिर से तेजी से फैल रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना के एक्टिव मामलों में 6079 की बढ़ोतरी हुई है और देशभर में अब कुल 444746 एक्टिव मामले हो चुके हैं।

पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना वायरस के नए मामले ज्यादा आए हैं और ठीक होने वालों की संख्या कम रही है इस वजह से कोरोना के एक्टिव मामले बढ़े हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक 24 घंटों के दौरान देशभर में 44376 नए मामले दर्ज किए गए जबकि कोरोना से 37816 लोग ठीक हुए हैं। देश में अब कोरोना वायरस के कुल एक्टिव मामलों का आंकड़ा बढ़कर 92,22,216 तक पहुंच गया है हालांकि इसमें 8642771 लोग पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों को देखें तो कोरोना की वजह से जान गंवाने वाले लोगों की संख्या में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है, रिकवरी रेट जरूर सुधरा है लेकिन मौतें कम नहीं हो रही, 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना की वजह से 481 लोगों की जान गई है और अबतक इस वायरस से पूरे देश में 134699 लोगों की मौत हो चुकी है।

कोरोना मरीजों की पहचान के लिए सरकार की तरफ से टेस्टिंग को लगातार बढ़ाया जा रहा है। देशभर में रोजाना भारी संख्या में कोरोना टेस्ट हो रहे हैं। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) के अनुसार मंगलवार को देशभर में 11.59 लाख से ज्यादा कोरोना टेस्ट हुए हैं और देश में कुल टेस्टिंग का आंकड़ा 13.48 करोड़ को पार कर गया है।

वैश्विक स्तर पर कोरोना वायरस के मामलों की बात करें तो दुनियाभर में कुल मामलों का आंकड़ा बढ़कर 6 करोड़ के पार पहुंच गया है, अबतक दुनियाभर में कोरोना वायरस की वजह से 14.14 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि पूरी दुनिया में 4.15 करोड़ से ज्यादा लोग कोरोना वायरस से ठीक भी हो चुके हैं। दुनियाभर में कोरोना वायरस के सबसे अधिक मामले अमेरिका में हैं जहां पर 1.29 करोड़ से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं और 2.65 लाख से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। इसके बाद भारत का स्थान है और भारत के बाद तीसरे नंबर पर ब्राजील है जहां पर 61.21 लाख मामले सामने आए हैं और 1.70 लाख से ज्यादा लोगों की जान गई है। चौथे नंबर पर फ्रांस है जहां पर 21.53 लाख मामले हैं और 50 हजार से ज्यादा की जान गई है और पांचवें नंबर पर रूस है जहां पर 21.38 लाख मामले आ चुके हैं और 37 हजार से ज्यादा की जान गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत