1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. 24 घंटे में Coronavirus के 31118 नए मामले, लेकिन लगातार घट रहे हैं एक्टिव केस

24 घंटे में Coronavirus के 31118 नए मामले, लेकिन लगातार घट रहे हैं एक्टिव केस

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Dec 01, 2020 09:47 am IST,  Updated : Dec 01, 2020 09:47 am IST

24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना वायरस के एक्टिव मामलों में 11349 की कमी आई है और अब देश में कोरोना के कुल एक्टिव मामले घटकर 435603 रह गए हैं

कोरोना मामलों की...- India TV Hindi
कोरोना मामलों की पहचान के लिए टेस्टिंग को देशभर में बढ़ाया जा रहा है, अबतक 14 करोड़ से ज्यादा टेस्ट हो चुके हैं Image Source : PTI

नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस के मामले जिस रफ्तार से बढ़ रहे हैं उससे अधिक रफ्तार से कोरोना से ठीक होने वाले लोगों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है रही है और यही वजह है कि कोरोना के एक्टिव मामलों मे लगातार कमी देखने को मिल रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना वायरस के एक्टिव मामलों में 11349 की कमी आई है और अब देश में कोरोना के कुल एक्टिव मामले घटकर 435603 रह गए हैं जो कुल कोरोना मामलों का सिर्फ 4.60 प्रतिशत है।

हालांकि कोरोना के नए मामलों में लगातार बढ़ोतरी जारी है और अब देश में कुल कोरोना वायरस मामलों का आंकड़ा बढ़कर 94,62,809 तक पहुंच गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना वायरस के 31118 नए मामले दर्ज किए गए हैं। हालांकि ठीक होने वाले लोगों की संख्या नए आने वाले मामलों के मुकाबले ज्यादा है और यही वजह है कि एक्टिव मामले घट गए हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देश में अबतक सामने आए कुल 9462809 कोरोना वायरस मामलों में 8889585 लोग पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं, पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में 41985 लोग कोरोना वायरस से ठीक हुए हैं। देश में अब कोरोना वायरस से रिकवरी की दर 93.94 प्रतिशत हो गई है। हालांकि कोरोना वायरस की वजह से होने वाली मौतों में पिछले 24 घंटों के दौरान फिर से बढ़ोतरी हो गई है, 24 घंटों के दौरान देशभर में 482 लोगों की जान गई है और अबतक कुल 137139 लोग इस वायरस की वजह से अपनी जान गंवा चुके हैं।

कोरोना मरीजों की पहचान के लिए सरकार की तरफ से टेस्टिंग को लगातार बढ़ाया जा रहा है। देशभर में रोजाना भारी संख्या में कोरोना टेस्ट हो रहे हैं। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) के अनुसार सोमवार को देशभर में 9.69 लाख से ज्यादा कोरोना टेस्ट हुए हैं और देश में कुल टेस्टिंग का आंकड़ा 14.13 करोड़ को पार कर गया है।

वैश्विक स्तर पर कोरोना वायरस के मामलों की बात करें तो दुनियाभर में कुल मामलों का आंकड़ा बढ़कर 6.35 करोड़ के पार पहुंच गया है, अबतक दुनियाभर में कोरोना वायरस की वजह से 14.73 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि पूरी दुनिया में 4.39 करोड़ से ज्यादा लोग कोरोना वायरस से ठीक भी हो चुके हैं। दुनियाभर में कोरोना वायरस के सबसे अधिक मामले अमेरिका में हैं जहां पर 1.39 करोड़ से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं और 2.74 लाख से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। इसके बाद भारत का स्थान है और भारत के बाद तीसरे नंबर पर ब्राजील है जहां पर 63.36 लाख मामले सामने आए हैं और 1.73 लाख से ज्यादा लोगों की जान गई है। चौथे नंबर पर रूस है जहां पर 22.95 कोरोना मामले दर्ज किए जा चुके हैं और 39 हजार से ज्यादा लोगों की जान गई है। पांचवें नंबर पर फ्रांस है जहां पर 22.22 लाख मामले आ चुके हैं और 52 हजार से ज्यादा की जान गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत