1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Coronavirus के एक्टिव मामलों में गिरावट, रिकवरी की दर में भी सुधार

Coronavirus के एक्टिव मामलों में गिरावट, रिकवरी की दर में भी सुधार

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Oct 16, 2020 09:33 am IST,  Updated : Oct 16, 2020 09:33 am IST

कोरोना मरीजों की पहचान के लिए देशभर में लगातार टेस्टिंग हो रही है, गुरुवार को देशभर में 10.28 लाख से ज्यादा कोरोना टेस्ट हुए हैं। देश में कुल कोरोना वायरस टेस्टिंग का आंकड़ा अब बढ़कर 9.22 करोड़ को पार कर चुका है। दुनियाभर में अमेरिका के बाद भारत में ही सबसे ज्यादा कोरोना टेस्ट हो रहे हैं।

Coronavirus testing in India surpasses 92 millions- India TV Hindi
Coronavirus testing in India surpasses 92 millions Image Source : PTI

नई दिल्ली। कोरोना वायरस को लेकर अब कुछ राहत भरे आंकड़े सामने आने लगे हैं। देश में कोरोना वायरस के एक्टिव मामलों में लगातार कमी दर्ज की जा रही है जो इसके संक्रमण में आ रही कमी का साफ संकेत है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक देश में कुल कोरोना वायरस मामलों में एक्टिव केस 11 प्रतिशत से भी कम हैं। शुक्रवार सुबह जारी हुए आंकड़ों के मुताबिक देश में कोरोना के एक्टिव मामलों की संख्या अब घटकर 804528 रह गई है जो देश के कुल कोरोना मामलों का 10.91 प्रतिशत है।

दरअसल पिछले कई हफ्तों से कोरोना के नए आने वाले मामले कम हो रहे हैं और ठीक होने वाले लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है जिस वजह से एक्टिव केस घट रहे हैं और देश में कोरोना से रिकवरी की दर में भी तेजी से सुधार हो रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना वायरस के 63371 नए मामले दर्ज किए गए हैं और कुल कोरोना वायरस मामलों का आंकड़ा 7370468 हो गया है।

हालांकि कोरोना से ठीक होने वाले लोगों की बात करें तो स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में 70338 लोग ठीक हुए हैं और अबतक इस जानलेवा वायरस से पूरे देश में 6453779 लोग ठीक हो चुके हैं। देश में अब कोरोना वायरस से रिकवरी की दर बढ़कर 87.56 प्रतिशत हो गई है।

कोरोना की वजह से जान गंवाने वालों का आंकड़ा अभी भी चिंताजनक है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना की वजह से 895 लोगों की जान गई है। अबतक देशभर में यह जानलेवा वायरस कुल 112161 लोगों की जान ले चुका है।

कोरोना मरीजों की पहचान के लिए देशभर में लगातार टेस्टिंग हो रही है, गुरुवार को देशभर में 10.28 लाख से ज्यादा कोरोना टेस्ट हुए हैं। देश में कुल कोरोना वायरस टेस्टिंग का आंकड़ा अब बढ़कर 9.22 करोड़ को पार कर चुका है। दुनियाभर में अमेरिका के बाद भारत में ही सबसे ज्यादा कोरोना टेस्ट हो रहे हैं।  

वैश्विक स्तर पर कोरोना वायरस के मामलों की बात करें तो दुनियाभर में कुल मामलों का आंकड़ा बढ़कर 3.91 करोड़ के पार पहुंच गया है, अबतक दुनियाभर में कोरोना वायरस की वजह से 11.02 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि पूरी दुनिया में 2.93 करोड़ से ज्यादा लोग कोरोना वायरस से ठीक भी हो चुके हैं। दुनियाभर में कोरोना वायरस के सबसे अधिक मामले अमेरिका में हैं जहां पर 82.16 लाख से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं और 2.22 लाख से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। इसके बाद भारत का स्थान है और भारत के बाद तीसरे नंबर पर ब्राजील है जहां पर 51.70 लाख मामले सामने आए हैं और 1.52 लाख से ज्यादा लोगों की जान गई है। रूस में भी 13.54 लाख से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं और 23 हजार से ज्यादा लोगों की जान गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत