1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Coronavirus के एक्टिव मामले 5 लाख से नीचे आए, 80 लाख से ज्यादा लोग हो चुके हैं ठीक

Coronavirus के एक्टिव मामले 5 लाख से नीचे आए, 80 लाख से ज्यादा लोग हो चुके हैं ठीक

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Nov 11, 2020 09:39 am IST,  Updated : Nov 11, 2020 09:39 am IST

पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना के 44641 नए मामले सामने आए हैं और देश में अब कोरोना के कुल मामलों का आंकड़ा 86,36,011 तक पहुंच गया है। हालांकि इस आंकड़े में अधिकतर संख्या ठीक हो चुके लोगों की है।

चेन्नई में एक सिनेमा...- India TV Hindi
चेन्नई में एक सिनेमा हॉल को सैनेटाइज करता कर्मचारी, दो दिन पहले चेन्नई में सिनेमा हॉल खुले हैं।  Image Source : PTI

नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस के ताजा आंकड़े राहत देने वाले हैं, कोरोना के एक्टिव मामलों में लगातार कमी आ रही है और अब देश में कोरोना के 5 लाख से भी कम एक्टिव मामले बचे हैं जबकि कोरोना से ठीक हो चुके लोगों की संख्या 80 लाख को पार कर गई है। हालांकि दिल्ली और उत्तर भारत के कुछ राज्यों में हाल के दिनों में केस बढ़े हैं लेकिन देश में अन्य जगहों पर स्थिति काबू में नजर आ रही है। कोरोना वायरस से रिकवरी की दर में भी सुधार हुआ है और मृत्यु की दर में लगातार कमी आ रही है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से बुधवार सुबह जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक देश में अब कोरोना वायरस के कुल एक्टिव मामलों की संख्या 494657 दर्ज की गई है जो देश के कुल कोरोना मामलों का सिर्फ 5.72 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना के एक्टिव मामलों की संख्या में 6557 की कमी आई है।

पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना के 44641 नए मामले सामने आए हैं और देश में अब कोरोना के कुल मामलों का आंकड़ा 86,36,011 तक पहुंच गया है। हालांकि इस आंकड़े में अधिकतर संख्या ठीक हो चुके लोगों की है। देश में अब कोरोना से ठीक हो चुके लोगों की संख्या 8013783 हो गई है और रिकवरी की दर 92.79 प्रतिशत पहुंच गई है।

कोरोना की वजह से जान गंवाने वालों की बात करें तो स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना की वजह से 512 लोगों की जान गई है। देशभर में अबतक यह जानलेवा वायरस कुल 127571 लोगों की जान ले चुका है। देश में कोरोना वायरस की मृत्यु दर 1.47  प्रतिशत है।  

कोरोना मरीजों की पहचान के लिए सरकार की तरफ से टेस्टिंग को लगातार बढ़ाया जा रहा है। देशभर में रोजाना भारी संख्या में कोरोना टेस्ट हो रहे हैं। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) के अनुसार मंगलवार को देशभर में 11.53 लाख से ज्यादा कोरोना टेस्ट हुए हैं और देश में कुल टेस्टिंग का आंकड़ा 12.07 करोड़ को पार कर गया है।

वैश्विक स्तर पर कोरोना वायरस के मामलों की बात करें तो दुनियाभर में कुल मामलों का आंकड़ा बढ़कर 5.18 करोड़ के पार पहुंच गया है, अबतक दुनियाभर में कोरोना वायरस की वजह से 12.79 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि पूरी दुनिया में 3.63 करोड़ से ज्यादा लोग कोरोना वायरस से ठीक भी हो चुके हैं। दुनियाभर में कोरोना वायरस के सबसे अधिक मामले अमेरिका में हैं जहां पर 1.05 करोड़ से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं और 2.45 लाख से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। इसके बाद भारत का स्थान है और भारत के बाद तीसरे नंबर पर ब्राजील है जहां पर 57.01 लाख मामले सामने आए हैं और 1.62 लाख से ज्यादा लोगों की जान गई है। रूस को पीछे कर अब फ्रांस चौथे नंबर पर पहुंच गया है जहां पर 18.29 लाख मामले हैं और उनमें 16 लाख से ज्यादा एक्टिव केस हैं। रूस में भी 18.17 लाख मामले दर्ज किया जा चुके हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत