1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Coronavirus के एक्टिव केस 6% से भी नीचे आए, लेकिन दिल्ली में बढ़ते मामलों ने बढ़ाई चिंता

Coronavirus के एक्टिव केस 6% से भी नीचे आए, लेकिन दिल्ली में बढ़ते मामलों ने बढ़ाई चिंता

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Nov 09, 2020 09:37 am IST,  Updated : Nov 09, 2020 09:37 am IST

कोरोना की वजह से जान गंवाने वालों की बात करें तो स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना की वजह से 490 लोगों की जान गई है। देशभर में अबतक यह जानलेवा वायरस कुल 126611 लोगों की जान ले चुका है।

दिल्ली में कोरोना...- India TV Hindi
दिल्ली में कोरोना वायरस के मामलों में सबसे ज्यादा बढ़त देखी जा रही है, बढ़ते मामलों के बावजूद लोग भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से परहेज नहीं कर रहे। रविवार को लाल किले के बाहर की तस्वीरें Image Source : PTI

नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस के एक्टिव मामलों में तो लगातार कमी आ रही है लेकिन देश की राजधानी दिल्ली में जिस रफ्तार से कोरोना वायरस के नए मामले बढ़ रहे हैं वह चिंता का कारण है। हालांकि घटते एक्टिव मामले और कोरोना से ठीक होने की दर में सुधार से चिंता जरूर कम होती है। इसके अलावा देश में कोरोना वायरस की मृत्यु दर में भी लगातार कमी आ रही है। देश में कोरोना वायरस के एक्टिव मामले अब 6 प्रतिशत से भी कम रह गए हैं।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से सोमवार सुबह जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना के 45903 नए मामले सामने आए हैं और देश में अब कोरोना के कुल मामलों का आंकड़ा 85,53,657 तक पहुंच गया है। हालांकि इस आंकड़े में अधिकतर संख्या ठीक हो चुके लोगों की है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक पिछले 24 घंटों में जो 45903 नए कोरोना मामले पूरे देश में आए हैं उनमें 7745 मामले अकेले दिल्ली के ही हैं और देशभर में सबसे अधिक मामले अब दिल्ली में ही आ रहे हैं।

कोरोना की वजह से जान गंवाने वालों की बात करें तो स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना की वजह से 490 लोगों की जान गई है। देशभर में अबतक यह जानलेवा वायरस कुल 126611 लोगों की जान ले चुका है।  

हालांकि रोजना आने वाले मामलों के मुकाबले कोरोना से रोजाना ठीक होने वाले लोगों की संख्या अभी भी ज्यादा है। जिस वजह से एक्टिव मामलों में लगातार कमी आ रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक गुरुवार सुबह तक देशभर में कोरोना वायरस से ठीक हो चुके मामलों का कुल आंकड़ा 7917373 दर्ज किया गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना वायरस से 48405 लोग ठीक हुए हैं। देश में कोरोना वायरस की रिकवरी की दर बढ़कर 92.56 प्रतिशत हो गई है। देश में अब कोरोना के सिर्फ 509673 मामले बचे हैं जो कुल मामलों का सिर्फ 5.95 प्रतिशत है।

कोरोना मरीजों की पहचान के लिए सरकार की तरफ से टेस्टिंग को लगातार बढ़ाया जा रहा है। देशभर में रोजाना भारी संख्या में कोरोना टेस्ट हो रहे हैं। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) के अनुसार रविवार को देशभर में 8.35 लाख से ज्यादा कोरोना टेस्ट हुए हैं और देश में कुल टेस्टिंग का आंकड़ा 11.85 करोड़ को पार कर गया है।

वैश्विक स्तर पर कोरोना वायरस के मामलों की बात करें तो दुनियाभर में कुल मामलों का आंकड़ा बढ़कर 5.07 करोड़ के पार पहुंच गया है, अबतक दुनियाभर में कोरोना वायरस की वजह से 12.61 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि पूरी दुनिया में 3.57 करोड़ से ज्यादा लोग कोरोना वायरस से ठीक भी हो चुके हैं। दुनियाभर में कोरोना वायरस के सबसे अधिक मामले अमेरिका में हैं जहां पर 10.2 करोड़ से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं और 2.43 लाख से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। इसके बाद भारत का स्थान है और भारत के बाद तीसरे नंबर पर ब्राजील है जहां पर 56.64 लाख मामले सामने आए हैं और 1.62 लाख से ज्यादा लोगों की जान गई है। रूस को पीछे कर अब फ्रांस चौथे नंबर पर पहुंच गया है जहां पर 17.87 लाख मामले हैं और उनमें 16 लाख से ज्यादा एक्टिव केस हैं। रूस में भी 17.74 मामले दर्ज किया जा चुके हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत