1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. कोरोना वायरस की वजह से 24 घंटों में 1209 की गई जान, रिकॉर्ड 96551 नए केस भी आए

कोरोना वायरस की वजह से 24 घंटों में 1209 की गई जान, रिकॉर्ड 96551 नए केस भी आए

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 11, 2020 09:40 am IST,  Updated : Sep 11, 2020 09:40 am IST

हालांकि कोरोना से ठीक होने वालों की संख्या भी बढ़ रही है लेकिन जिस रफ्तार से नए मामले सामने आ रहे हैं उस रफ्तार से लोग ठीक नहीं हो रहे हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में 70880 लोग कोरोना से ठीक हुए हैं।

Coronavirus testing in India surpasses 54 millions - India TV Hindi
Coronavirus testing in India surpasses 54 millions  Image Source : PTI

नई दिल्ली। कोरोना वायरस का संक्रमण फैलता ही जा रहा है और पूरी तरह से बेकाबू हो चुका है। देशभर में रोजाना कोरोना वायरस के रिकॉर्ड नए मामले सामने आ रहे हैं और इसकी वजह से मौतों का आंकड़ा भी लगातार बढ़ता ही जा रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे यानि गुरुवार सुबह 8 बजे से लेकर शुक्रवार सुबह 8 बजे तक देशभर में कोरोना वायरस के रिकॉर्ड 96551 नए मामले सामने आए हैं और देश में कुल कोरोना वायरस मामलों का आंकड़ा अब बढ़कर 45,62,414 तक पहुंच गया है। एक तरफ जहां अमेरिका और ब्राजील में मामले कम होने लगे हैं तो दूसरी तरफ भारत में संक्रमण तेजी से फैल रहा है।

भारत में सिर्फ कोरोना का संक्रमण ही तेजी नहीं फैल रहा बल्कि इसकी वजह से जान गंवाने वालों की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है। पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में 1209 लोगों की कोरोना की वजह से मौत हुई है। अबतक यह जानलेवा वायरस देशभर में कुल 76271 लोगों की जान ले चुका है।

हालांकि कोरोना से ठीक होने वालों की संख्या भी बढ़ रही है लेकिन जिस रफ्तार से नए मामले सामने आ रहे हैं उस रफ्तार से लोग ठीक नहीं हो रहे हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में 70880 लोग कोरोना से ठीक हुए हैं। अबतक कुल 35,42,663 लोग कोरोना से ठीक हो चुके हैं और देश में कोरोना वायरस से रिकवरी की दर 77.64 प्रतिशत है।

कोरोना मरीजों की पहचान के लिए देशभर में टेस्टिंग लगातार बढ़ाई जा रही है, गुरुवार को देशभर में 11.63 लाख से ज्यादा कोरोना टेस्ट हुए हैं और कुल कोरोना वायरस टेस्टिंग का आंकड़ा अब बढ़कर 5.40 करोड़ को पार कर चुका है। दुनियाभर में अमेरिका के बाद भारत में ही सबसे ज्यादा कोरोना टेस्ट हो रहे हैं।    

वैश्विक स्तर पर कोरोना वायरस के मामलों की बात करें तो दुनियाभर में कुल मामलों का आंकड़ा बढ़कर 2.83 करोड़ के पार पहुंच गया है, अबतक दुनियाभर में कोरोना वायरस की वजह से 9.13 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि पूरी दुनिया में 2.03 करोड़ से ज्यादा लोग कोरोना वायरस से ठीक भी हो चुके हैं। दुनियाभर में कोरोना वायरस के सबसे अधिक मामले अमेरिका में हैं जहां पर 65.88 लाख से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं और 1.96 लाख से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। इसके बाद भारत का स्थान है और भारत के बाद तीसरे नंबर पर ब्राजील है जहां पर 42.39 लाख मामले सामने आए हैं और 1.29 लाख से ज्यादा लोगों की जान गई है। रूस में भी 10.46 लाख से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं और 18 हजार से ज्यादा लोगों की जान गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत