1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. कोरोना वायरस मामलों का आंकड़ा पहुंचा 43.70 लाख, 24 घंटे में 1115 लोगों की गई जान

कोरोना वायरस मामलों का आंकड़ा पहुंचा 43.70 लाख, 24 घंटे में 1115 लोगों की गई जान

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 09, 2020 10:06 am IST,  Updated : Sep 09, 2020 10:06 am IST

कोरोना मरीजों की पहचान के लिए देशभर में टेस्टिंग लगातार बढ़ाई जा रही है, मंगलवार को देशभर में 11.54 लाख से ज्यादा कोरोना टेस्ट हुए हैं और कुल कोरोना वायरस टेस्टिंग का आंकड़ा अब बढ़कर 5.18 करोड़ को पार कर चुका है। दुनियाभर में अमेरिका के बाद भारत में ही सबसे ज्यादा कोरोना टेस्ट हो रहे हैं।

Coronavirus testing in India reacheas near 52 millions - India TV Hindi
Coronavirus testing in India reacheas near 52 millions  Image Source : PTI

नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस का संक्रमण लगातार फैलता ही जा रहा है और रोजाना भारी संख्या में नए मामले सामने आ रहे हैं, इसके अलावा अब कोरोना की वजह से मौतों का आंकड़ा भी तेजी से बढ़ने लगा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जारी किए गए आंकड़ो के मुताबिक पिछले 24 घंटे यानि मंगलवार सुबह 8 बजे से लेकर बुधवार सुबह 8 बजे तक देशभर में कोरोना वायरस के 89698 नए मामले सामने आए हैं और देश में अब कुल कोरोना वायरस मामलों का आंकड़ा बढ़कर 43,70,120 हो गया है।

कोरोना की वजह से जान गंवाने वालों की संख्या में पिछले 24 घंटों के दौरान बढ़ोतरी हुई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना वायरस की वजह से 1115 लोगों की जान गई है और अबतक यह जानलेवा वायरस देशभर में कुल 73890 लोगों की जान ले चुका है।

लेकिन देश में कोरोना वायरस से ठीक होने वाले लोगों की संख्या में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है जिस वजह से कोरोना के एक्टिव मामलों में ज्यादा इजाफा नहीं हो रहा और रिकवरी रेट लगातार ऊपर उठ रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना से 74894 लोग पूरी तरह से ठीक हुए हैं। देशभर में अबतक कुल 3398844 लोग कोरोना से ठीक हो चुके हैं और एक्टिव मामलों का मौजूदा आंकड़ा 89698 है। देश में कोरोना वायरस का रिकवरी रेट बढ़कर 77.77 प्रतिशत तक पहुंच गया है।

कोरोना मरीजों की पहचान के लिए देशभर में टेस्टिंग लगातार बढ़ाई जा रही है, मंगलवार को देशभर में 11.54 लाख से ज्यादा कोरोना टेस्ट हुए हैं और कुल कोरोना वायरस टेस्टिंग का आंकड़ा अब बढ़कर 5.18 करोड़ को पार कर चुका है। दुनियाभर में अमेरिका के बाद भारत में ही सबसे ज्यादा कोरोना टेस्ट हो रहे हैं।    

वैश्विक स्तर पर कोरोना वायरस के मामलों की बात करें तो दुनियाभर में कुल मामलों का आंकड़ा बढ़कर 2.73 करोड़ के पार पहुंच गया है, अबतक दुनियाभर में कोरोना वायरस की वजह से 9.01 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि पूरी दुनिया में 1.98 करोड़ से ज्यादा लोग कोरोना वायरस से ठीक भी हो चुके हैं। दुनियाभर में कोरोना वायरस के सबसे अधिक मामले अमेरिका में हैं जहां पर 65.14 लाख से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं और 1.94 लाख से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। इसके बाद भारत का स्थान है और भारत के बाद तीसरे नंबर पर ब्राजील है जहां पर 41.65 लाख मामले सामने आए हैं और 1.27 लाख से ज्यादा लोगों की जान गई है। रूस में भी 10.35 लाख से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं और 17 हजार से ज्यादा लोगों की जान गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत