1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Coronavirus: 48 लाख के पार पहुंचा कोरोना मरीजों का आंकड़ा, 24 घंटे में 1136 की गई जान

Coronavirus: 48 लाख के पार पहुंचा कोरोना मरीजों का आंकड़ा, 24 घंटे में 1136 की गई जान

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 14, 2020 10:10 am IST,  Updated : Sep 14, 2020 10:10 am IST

कोरोना वायरस के संक्रमण की वजह से देश में मौतों का आंकड़ा भी तेजी से बढ़ रहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक 24 घंटों में 1136 लोगों ने देशभर में कोरोना की वजह से जान गंवाई है। अबतक यह वायरस पूरे देश में 79722 लोगों की मौत का कारण बन चुका है।

Coronavirus testing in India surpasses 57 millions- India TV Hindi
Coronavirus testing in India surpasses 57 millions Image Source : FILE PHOTO

नई दिल्ली। कोरोना वायरस के मामले में दुनियाभर में अब भारत सबसे खराब स्थिति में नजर आ रहा है। दुनियाभर में रोजाना कोरोना वायरस के सबसे ज्यादा मामले भारत में ही सामने आ रहे हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तऱफ से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों यानि रविवार सुबह 8 बजे से लेकर सोमवार सुबह 8 बजे तक देशभर में कोरोना वायरस के 92091 नए मामले सामने आए हैं। दुनिया के किसी भी देश में पिछले 24 घंटों के दौरान इतने नए कोरोना केस नहीं आए हैं। नए मामलों के साथ अब भारत में कुल कोरोना वायरस मामलों का आंकड़ा बढ़कर 48,46,427 हो गया है।

कोरोना वायरस के संक्रमण की वजह से देश में मौतों का आंकड़ा भी तेजी से बढ़ रहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक 24 घंटों में 1136 लोगों ने देशभर में कोरोना की वजह से जान गंवाई है। अबतक यह वायरस पूरे देश में 79722 लोगों की मौत का कारण बन चुका है। अब ऐसा कोई दिन नहीं जा रहा जब रोजाना मौत का आंकड़ा 1000 से नीचे हो।

कोरोना के नए मामले और लगातार हो रही मौतों के बीच इस जानलेवा वायरस से ठीक होने वाले लोगों की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है। हालांकि संक्रमण के मुकाबले ठीक होने वाले लोगों की दर कम है। पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना से 77512 लोग ठीक हुए हैं और अबतक देशभर में कुल 3780107 लोग कोरोना से पूरी तरह ठीक हो चुके हैं। फिलहाल देश में कोरोना वायरस के 986598 एक्टिव मामले हैं। देश में कोरोना वायरस से रिकवरी की दर 77.99 प्रतिशत हो गई है।

कोरोना मरीजों की पहचान के लिए देशभर में टेस्टिंग लगातार बढ़ाई जा रही है, रविवार को देशभर में 9.78 लाख से ज्यादा कोरोना टेस्ट हुए हैं और कुल कोरोना वायरस टेस्टिंग का आंकड़ा अब बढ़कर 5.72 करोड़ को पार कर चुका है। दुनियाभर में अमेरिका के बाद भारत में ही सबसे ज्यादा कोरोना टेस्ट हो रहे हैं।    

वैश्विक स्तर पर कोरोना वायरस के मामलों की बात करें तो दुनियाभर में कुल मामलों का आंकड़ा बढ़कर 2.91 करोड़ के पार पहुंच गया है, अबतक दुनियाभर में कोरोना वायरस की वजह से 9.28 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि पूरी दुनिया में 2.10 करोड़ से ज्यादा लोग कोरोना वायरस से ठीक भी हो चुके हैं। दुनियाभर में कोरोना वायरस के सबसे अधिक मामले अमेरिका में हैं जहां पर 67.08 लाख से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं और 1.98 लाख से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। इसके बाद भारत का स्थान है और भारत के बाद तीसरे नंबर पर ब्राजील है जहां पर 43.30 लाख मामले सामने आए हैं और 1.31 लाख से ज्यादा लोगों की जान गई है। रूस में भी 10.62 लाख से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं और 18 हजार से ज्यादा लोगों की जान गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत