1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. 2021 के पहले दिन कोरोना मामलों में कमी जारी, मौतों की संख्या भी घटी

2021 के पहले दिन कोरोना मामलों में कमी जारी, मौतों की संख्या भी घटी

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jan 01, 2021 09:28 am IST,  Updated : Jan 01, 2021 09:28 am IST

वैश्विक स्तर पर कोरोना वायरस के मामलों की बात करें तो दुनियाभर में कुल मामलों का आंकड़ा बढ़कर 8.38 करोड़ के पार पहुंच गया है, अबतक दुनियाभर में कोरोना वायरस की वजह से 18.25 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।

2021 के पहले दिन कोरोना...- India TV Hindi
2021 के पहले दिन कोरोना मामलों में हल्की कमी Image Source : AP

नई दिल्ली। भारत में नए वर्ष 2021 की शुरुआत हो चुकी है लेकिन पिछले वर्ष में फैली कोरोना महामारी नए वर्ष में भी पीछा नहीं छोड़ रही है और देशभर से नए कोरोना मामले सामने आ रहे हैं। हालांकि नए वर्ष के पहले दिन केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जारी हुए कोरोना आंकड़ों के मुताबिक कोरोना के नए मामलों में कमी बरकरार है और कोरोना की वजह से होने वाली मौतों के आंकड़े में भी गिरावट देखी जा रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना वायरस के 20035 नए मामले देखने को मिले हैं और अब देश में कुल कोरोना मामलों का आंकड़ा बढ़कर 10286709 तक पहुंच गया है।

हालांकि कुल कोरोना मामलों में 9883461 लोग ऐसे हैं जो पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं और पिछले 24 घंटों के दौरान भी देश में 23181 लोग ठीक हुए हैं। अब देश में कोरोना के एक्टिव मामले घटकर सिर्फ 254254 रह गए हैं, पिछले 24 घंटों के दौरान भी देश में कोरोना के एक्टिव मामलों में 3402 की कमी आई है।

देश में कोरोना से होने वाली मौतों के आंकड़े में भी पहले के मुकाबले कुछ कमी आई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना की वजह से 256 लोगों की जान गई है और अबतक कोरोना की वजह से देश में कुल 148994 लोगों की मृत्यु हो चुकी है।

वैश्विक स्तर पर कोरोना वायरस के मामलों की बात करें तो दुनियाभर में कुल मामलों का आंकड़ा बढ़कर 8.38 करोड़ के पार पहुंच गया है, अबतक दुनियाभर में कोरोना वायरस की वजह से 18.25 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि पूरी दुनिया में 5.93 करोड़ से ज्यादा लोग कोरोना वायरस से ठीक भी हो चुके हैं। दुनियाभर में कोरोना वायरस के सबसे अधिक मामले अमेरिका में हैं जहां पर 2.04 करोड़ से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं और 3.54 लाख से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। इसके बाद भारत का स्थान है और भारत के बाद तीसरे नंबर पर ब्राजील है जहां पर 76.75 लाख मामले सामने आए हैं और 1.94 लाख से ज्यादा लोगों की जान गई है। चौथे नंबर पर रूस है जहां पर 31.59 लाख कोरोना मामले दर्ज किए जा चुके हैं और 57 हजार से ज्यादा लोगों की जान गई है। पांचवें नंबर पर फ्रांस है जहां पर 26.20 लाख मामले आ चुके हैं और 64 हजार से ज्यादा की जान गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत