1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. देश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 10 लाख के पार पहुंचा, रिकवरी रेट 63.25 फीसदी

देश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 10 लाख के पार पहुंचा, रिकवरी रेट 63.25 फीसदी

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jul 16, 2020 11:05 pm IST,  Updated : Jul 17, 2020 12:15 am IST

भारत में कोविड-19 संक्रमण के मामलों की संख्या 10 लाख के आंकड़े को पार कर गई है। साथ ही देश में कोरोना के रिकवरी रेट में भी सुधार देखने को मिला है।

coronavirus india, covid-19 positive case, India cross 10 lakh mark, India coronavirus recovery rate- India TV Hindi
Coronavirus Cases in India crosses 1 million mark  Image Source : FILE

नई दिल्ली। देश में कोरोना मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के मुताबिक, भारत में कोविड-19 संक्रमण के मामलों की संख्या 10 लाख के आंकड़े को पार कर गई है। साथ ही देश में कोरोना के रिकवरी रेट में भी सुधार देखने को मिला है। इसके अलावा मंत्रालय ने बताया कि 24,915 लोगों की मौत हुई है और उपचार के बाद 6,12,815 लोग कोरोना वायरस के संक्रमण से ठीक हुए हैं।

हालांकि, देश में अब रोजाना 30 हजार से ज्यादा नए कोरोना संक्रमित मरीज सामने आ रहे हैं। Covid19india.org के मुताबिक देश में अब कोरोना वायरस के 10 लाख से ज्यादा मरीज सामने आ चुके हैं। वहीं देश में कोरोना रिकवरी रेट 63.25 प्रतिशत पर पहुंच गया है। अगर रिकवर होने वाले मरीजों की बात करें तो देश में अब तक ठीक हुए मरीज़ों की संख्या 6,12,815 है। स्वास्थ्य मंत्रालय के जरिए कोरोना मरीजों का आधिकारिक आंकड़ा अगले दिन सुबह जारी किया जाएगा।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, 16 जुलाई, 2020 यानी गुरुवार को देश में पिछले 24 घंटों में अब तक के सबसे ज़्यादा 32,695 नए COVID-19 केस सामने आए हैं। वहीं एक दिन में 606 लोगों की मौत हुई है। इसके साथ ही देश मे कोरोना वायरस के अब तक कुल पॉजिटिव मामले 9,68,876 हो चुकी है। वहीं, इस वायरस से अब तक 24,915 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं पॉजिटिविटी रेट बढ़कर 10% हो गया है, यानी जितने भी सैंपलों की जांच की जा रही है, उनमें से 10 फीसदी मामले पॉजिटिव निकल रहे हैं।

वहीं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने ट्वीट कर जानकारी दी की देश में अब कोरोना वायरस रिकवरी रेट 63.25 प्रतिशथ हो चुकी है। स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने कहा कि देश में कोविड-19 संक्रमण के ज्यादातर मामले मामूली लक्षण वाले हैं। मात्र 0.32 प्रतिशत मरीज वेंटिलेटर पर हैं और 3 प्रतिशथ से भी कम मरीजों को ऑक्सीजन की जरूरत है।

महाराष्ट्र में कोविड-19 संक्रमितों की संख्या 2,84,281 हुई 

देश में महाराष्ट्र कोरोना वायरस के कारण सबसे ज्यादा प्रभावित है। महाराष्ट्र में गुरुवार को कोविड-19 के एक दिन में सर्वाधिक 8,641 नए मामले सामने आए और इसके साथ ही प्रदेश में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2,84,281 हो गई। स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी। विभाग ने कहा कि गुरुवार को 266 कोविड-19 मरीजों की मौत के साथ ही प्रदेश में इस बीमारी से मृतकों की संख्या 11,194 हो गयी है। विभाग के मुताबिक आज 5,527 मरीजों को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दी गई। राज्य में संक्रमण से अबतक कुल 1,58,140 लोग ठीक हो चुके हैं। राज्य में फिलहाल 1,14,907 कोविड-19 मरीजों का इलाज चल रहा है।

विभाग ने बताया कि प्रदेश में अब तक 14,46,386 लोगों की जांच की जा चुकी है। मुंबई में कोरोना वायरस के 1498 नए मामले आने से संक्रमितों की संख्या 97,751 हो गयी। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने बताया कि 56 और मरीजों की मौत होने से महानगर में मृतकों की संख्या 5520 हो गयी है। शहर में वर्तमान में 23,694 मरीज हैं । महाराष्ट्र में ठीक होने की दर 55.63 प्रतिशत और मृत्यु दर 3.94 प्रतिशत है। राज्य के पुणे में 1584 नए मामले आए। मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) में ठाणे शहर और कल्याण डोंबिवली में संक्रमण के सबसे ज्यादा मामले आ रहे हैं। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत