नई दिल्ली. देशभर में पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 37 हजार 154 नए मरीज सामने आए हैं जबकि इस समय अवधि में 39 हजार 649 मरीज ठीक हुए हैं और 724 लोगों की मौत हो गई है। हेल्थ मिनिस्ट्री द्वारा जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, अबतक देश में कोरोना संक्रमण के कुल 3 करोड़ 8 लाख 74 हजार 376 नए मरीज सामने आ चुके हैं। इन मामलों में से 3 करोड़ 14 हजार 713 लोग ठीक हो चुके हैं जबकि 4 लाख 8 हजार 764 कोरोना मरीजों की मौत हो चुकी है।
इस वक्त देश में कोरोना के एक्टिव मामले 4 लाख 50 हजार 899 है, जो कुल मामलों का 1.46 प्रतिशत है।
पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मरीजों में कुल 3,219 की कमी आई है। मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 97.22 प्रतिशत है। आंकड़ों के अनुसार, अभी तक कुल 43,23,17,813 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की गई है, जिनमें से 14,32,343 नमूनों की जांच रविवार को की गई।देश में नमूनों के संक्रमित आने की दैनिक दर 2.59 प्रतिशत है। यह पिछले 21 दिनों से लगातार तीन प्रतिशत से कम है। नमूनों के संक्रमित आने की साप्ताहिक दर भी कम होकर 2.32 प्रतिशत हो गई है। अभी तक कुल 3,00,14,713 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। कोविड-19 से मृत्यु दर 1.32 प्रतिशत है।
देश में अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की कुल 37.73 करोड़ खुराक दी जा चुकी है।
देश में पिछले साल सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितम्बर को 40 लाख से अधिक हो गई थी। वहीं, संक्रमण के कुल मामले 16 सितम्बर को 50 लाख, 28 सितम्बर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख, 20 नवम्बर को 90 लाख के पार हो गए। देश में 19 दिसम्बर को ये मामले एक करोड़ के पार, चार मई को दो करोड़ के पार और 23 जून को तीन करोड़ के पार चले गए थे।