1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. 24 घंटे में रिकॉर्ड 87472 लोग कोरोना से ठीक हुए, लेकिन कुल मामले 52 लाख के पार

24 घंटे में रिकॉर्ड 87472 लोग कोरोना से ठीक हुए, लेकिन कुल मामले 52 लाख के पार

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 18, 2020 09:32 am IST,  Updated : Sep 18, 2020 09:32 am IST

पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में 87472 लोग कोरोना से ठीक हुए हैं। एक दिन में ठीक हुए ये सबसे अधिक लोग हैं। अबतक कुल 41,12,551 लोग कोरोना से ठीक हो चुके हैं

Coronavirus testing in India surpasses 61 millions- India TV Hindi
Coronavirus testing in India surpasses 61 millions Image Source : FILE PHOTO

नई दिल्ली। कोरोना वायरस का लगातार बढ़ता संक्रमण हर दिन नई चुनौती बनता जा रहा है, रोजाना भारी संख्या में कोरोना वायरस के मामले सामने आ रहे हैं। हालांकि लोग ठीक भी हो रहे हैं लेकिन साथ में कोरोना की वजह से मृत्यु का आंकड़ा भी तेजी से बढ़ रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक गुरुवार सुबर 8 बजे से लेकर शुक्रवार सुबह 8 बजे तक 24 घंटों में देशभर में कोरोना वायरस के 96394 नए मामले सामने आए हैं और अब देश में कुल कोरोना वायरस मामलों का आंकड़ा बढ़कर 52,14,677 हो गया है। देश में अब कोरोना के एक्टिव मामलों का आंकड़ा बढ़कर 10,17,754 हो गया है।  

कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के साथ देश में कोरोना की वजह से जान गंवाने वालों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक 24 घंटों में 1174 लोगों ने देशभर में कोरोना की वजह से जान गंवाई है। कोरोना वायरस अबतक देश में 84372 लोगों की मौत का कारण बन चुका है। पूरे देश में रोजाना 1100 से ज्यादा लोग इसकी वजह से अपनी जान गंवा रहे हैं।

कोरोना की वजह से हुई मौतों और लगातार बढ़ते मामलों के बीच कुछ राहत की बात ये है कि इस जानलेवा वायरस से ठीक होने वालों की संख्या भी बढ़ रही है लेकिन जिस रफ्तार से नए मामले सामने आ रहे हैं उस रफ्तार से लोग ठीक नहीं हो रहे हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में 87472 लोग कोरोना से ठीक हुए हैं। एक दिन में ठीक हुए ये सबसे अधिक लोग हैं। अबतक कुल 41,12,551 लोग कोरोना से ठीक हो चुके हैं और देश में कोरोना वायरस से रिकवरी की दर 78.86 प्रतिशत है।

कोरोना मरीजों की पहचान के लिए देशभर में टेस्टिंग लगातार बढ़ाई जा रही है, गुरुवार को देशभर में 10.06 लाख से ज्यादा कोरोना टेस्ट हुए हैं और कुल कोरोना वायरस टेस्टिंग का आंकड़ा अब बढ़कर 6.15 करोड़ को पार कर चुका है। दुनियाभर में अमेरिका के बाद भारत में ही सबसे ज्यादा कोरोना टेस्ट हो रहे हैं।    

वैश्विक स्तर पर कोरोना वायरस के मामलों की बात करें तो दुनियाभर में कुल मामलों का आंकड़ा बढ़कर 3.03 करोड़ के पार पहुंच गया है, अबतक दुनियाभर में कोरोना वायरस की वजह से 9.50 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि पूरी दुनिया में 2.20 करोड़ से ज्यादा लोग कोरोना वायरस से ठीक भी हो चुके हैं। दुनियाभर में कोरोना वायरस के सबसे अधिक मामले अमेरिका में हैं जहां पर 68.74 लाख से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं और 2.02 लाख से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। इसके बाद भारत का स्थान है और भारत के बाद तीसरे नंबर पर ब्राजील है जहां पर 44.57 लाख मामले सामने आए हैं और 1.35 लाख से ज्यादा लोगों की जान गई है। रूस में भी 10.85 लाख से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं और 19 हजार से ज्यादा लोगों की जान गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत