1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. कोरोना पर Good News! नए केस घटे, पॉजिटिविटी रेट घटा, रिकवरी बढ़ी

कोरोना पर Good News! नए केस घटे, पॉजिटिविटी रेट घटा, रिकवरी बढ़ी

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : May 15, 2021 07:44 pm IST,  Updated : May 15, 2021 10:56 pm IST

पूरा देश कोरोना वायरस संक्रमण की दूसरी लहर से जूझ रहा है। लेकिन, अब थोड़ी राहत भरी खबर आई है।

कोरोना पर Good News! नए केस घटे, पॉजिटिविटी रेट घटा, रिकवरी बढ़ी- India TV Hindi
कोरोना पर Good News! नए केस घटे, पॉजिटिविटी रेट घटा, रिकवरी बढ़ी Image Source : PTI

नई दिल्ली: पूरा देश कोरोना वायरस संक्रमण की दूसरी लहर से जूझ रहा है। लेकिन, अब थोड़ी राहत भरी खबर आई है। दरअसल, बीते 4 दिनों में कोरोना वायरस संक्रमण के मिलने वाले नए मामलों की संख्या में कमी आई है। इतना ही नहीं, ठीक होने वाले लोगों की संख्या बढ़ी भी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन ने शनिवार को यह जानकार दी।

डॉ हर्षवर्धन ने कहा, "पिछले हफ्ते 3-8 मई के बीच लगातार चार दिन तक चार लाख से ज्यादा मामले आए थे। पिछले 4 दिनों में वह संख्या कम हुई है और रिकवर मामलों की संख्या बढ़ गई है। 30 अप्रैल और 6 मई के बीच पॉजिटिविटी रेट 21.3% थी लेकिन इस हफ्ते यह घटकर 19.3% हो गई है।"

उन्होंने कहा, "इस समय देश में 36,73,802 कोरोना सक्रिय मामलों की संख्या है। पिछले 24 घंटे में पूरे देश में 3,26,098 नए मामले सामने आए हैं। लेकिन, संतोष की बात यह है कि इससे ज्यादा 3,53,299 लोग  ठीक हुए हैं।"

85 प्रतिशत मामले 10 राज्यों से हैं

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को कहा कि देश में कोविड-19 के कुल मामलों में से 85 प्रतिशत मामले 10 राज्यों से हैं। मंत्रालय ने कहा कि 11 राज्यों में संक्रमण के एक-एक लाख से अधिक उपचाराधीन मामले हैं, जबकि आठ राज्यों में 50 हजार से एक लाख के बीच उपचाराधीन रोगी हैं। इसने बताया कि 24 राज्यों में संक्रमण दर 15 प्रतिशत से अधिक है।

स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने आगे कहा कि देश में 11 राज्य ऐसे हैं जहां 1 लाख से भी ज्यादा सक्रिय मामले हैं। 8 राज्यों में 50,000 से 1 लाख के बीच सक्रिय मामलों की संख्या बनी हुई है। 17 राज्य ऐसे हैं जहां 50,000 से भी कम सक्रिय मामलों की संख्या बनी हुई है।

उन्होंने बताया कि देश में सक्रिय मामलों में कमी देखी जा रही है। 3 मई को रिकवरी रेट 81.3% थी जिसके बाद रिकवरी में सुधार हुआ है।अब रिकवरी रेट 83.83% है। 75% मामले 10 राज्यों से आ रहे हैं और कुल सक्रिय मामलों का 80% सिर्फ 12 राज्यों में है। 

लव अग्रवाल ने बताया कि महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ और गुजरात जहां कोविड मामले काफी ज्यादा है, यहां पिछले 1 सप्ताह में सक्रिय मामलों में कमी आई है। तमिलनाडु में पिछले 1 सप्ताह में सक्रिय मामलों में बढ़ोतरी हुई है।

उन्होंने बताया कि देश में 24 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश ऐसे हैं जहां 15% से ज्यादा पॉजिटिविटी रेट है। 5-15% पॉजिटिविटी रेट 10 में है। 5% से कम पॉजिटिविटी रेट 3 में है। पिछले 1 सप्ताह में 18 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश पॉजिटिविटी रेट कम हुई है। देशभर में पॉजिटिविटी रेट जो 21.9% थी, वो अब 19.8% रह गई है।

देश में महामारी से 3,890 और लोगों की मौत

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय  के शनिवार को अद्यतन किए गए आंकड़ों के अनुसार देश में महामारी के 3,26,098 नए मामले सामने आए हैं जिससे कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2,43,72,907 हो गई है। इसके साथ ही देश में महामारी से 3,890 और लोगों की मौत हुई है, जिससे मृतकों की कुल संख्या 2,66,207 हो गई है।

मंत्रालय ने कहा कि देश में उपचाराधीन मरीजों की संख्या कम होकर अब 36,73,802 रह गई है, जो कुल मामलों का 15.07 प्रतिशत है। लोगों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर बढ़कर 83.83 प्रतिशत हो गई है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत