1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Covishield Vaccine: कोविशिल्ड वैक्सीन के दोनों डोज़ के बीच समय अंतराल कम हो सकता है: सूत्र

Covishield Vaccine: कोविशिल्ड वैक्सीन के दोनों डोज़ के बीच समय अंतराल कम हो सकता है: सूत्र

 Reported By: Gonika Arora @AroraGonika
 Published : Aug 26, 2021 05:01 pm IST,  Updated : Aug 27, 2021 04:11 pm IST

सूत्रों के मुताबिक, कोविशिल्ड वैक्सीन के दोनों डोज़ के बीच समय अंतराल कम हो सकता है। आने वाले दिनों में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय इस पर फ़ैसला ले सकता है।

कोविशिल्ड वैक्सीन के दोनों डोज़ अंतराल कम हो सकता है: सूत्र- India TV Hindi
कोविशिल्ड वैक्सीन के दोनों डोज़ अंतराल कम हो सकता है: सूत्र Image Source : INDIA TV

नई दिल्ली। सूत्रों के मुताबिक, कोविशिल्ड वैक्सीन के दोनों डोज़ के बीच समय अंतराल कम किया जा सकता है। आने वाले दिनों में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय इस पर फ़ैसला ले सकता है। ऑफ़ Record बताया गया है कि कोविशिल्ड और कोवैक्सिन के अलावा देश में अब और भी वैक्सीन आ गई हैं और अब देश में पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन है। इसके मद्देनज़र ये फ़ैसला लिया जा सकता है। हांलाकि, कितना टाइम कम होगा, ये अभी तय नहीं हुआ है। दो डोज़ के बीच के गैप को कम करने से ज़्यादा से ज़्यादा लोगों को जल्दी वैक्सीन लग पाएगी।

कोरोना वायरस रोधी टीके कोविशील्ड की दो खुराकों के बीच अंतराल को कम करने पर विचार किया जा रहा है और इसपर टीकाकरण से संबंधित राष्ट्रीय तकनीकी सलाहकार समूह (एनटीएजीआई) चर्चा करेगा। आधिकारिक सूत्रों ने गुरुवार को यह बात कही। एनटीएजीआई के कोविड-19 कार्यकारी समूह के अध्यक्ष डॉक्टर एन के अरोड़ा ने हालांकि कहा कि किसी भी कोविड रोधी टीके की खुराकों के अंतराल में बदलाव को लेकर इस तरह का कोई प्रस्ताव नहीं है।

अरोड़ा ने पूर्व में कहा था कि संबंधित डेटा के आधार पर भारत कोविशील्ड की खुराकों के बीच अंतराल पर पुनर्विचार करेगा और फिर उचित कार्रवाई की जाएगी। सरकार ने मई में कोविशील्ड की दोनों खुराकों के बीच अंतराल को 6-8 सप्ताह से बढ़ाकर 12-16 सप्ताह कर दिया था।

जहां कोविड प्रोटोकॉल का पालन नहीं हो रहा वहां केस बढ़ रहे- केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव

केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने गुरुवार को प्रेस वार्ता में बताया कि केरल एकमात्र राज्य है जहां कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या एक लाख से अधिक है, जबकि चार राज्यों में उपचार करा रहे मरीजों की संख्या दस हजार से एक लाख तक है। जहां कोविड प्रोटोकॉल का पालन नहीं हो रहा वहां केस बढ़ रहे हैं। 31 राज्यों में 10 हजार से कम कोरोना के एक्टिव केस हैं। 4 राज्यों में 10 हजार से 1 लाख एक्टिव केस हैं। देश में पिछले 24 घंटे में कोविड के 46,000 नए मामले सामने आए। इनमें से 58% मामले केरल से सामने आए हैं। बाकी राज्यों में अभी भी कोविड के मामलों में गिरावट देखी जा रही है। भारत में महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश ऐसे राज्य हैं जिसमें कोविड के सक्रिय मामले 10,000 से 1,00,000 के बीच हैं। देश में कुल सक्रिय मामलों का केरल में 51%, महाराष्ट्र में 16% और बाकी 3 राज्य(कर्नाटक, तमिलनाडू और आंध्र प्रदेश) का 4%-5% योगदान है।

'टीकाकरण के बाद भी मास्क का उपयोग करना बहुत जरूरी है'

केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने बताया कि हमने अब तक 46.69 करोड़ लोगों को देशभर में कोविड वैक्सीन की पहली डोज़ दी है इनमें से 13.70 करोड़ लोगों को दूसरी डोज़ भी दी जा चुकी है। कुल 60 करोड़ से ज़्यादा डोज़ लगाई गई हैं। पिछले 24 घंटों में 80 लाख डोज़ दी हैं। आज अब तक 47 लाख डोज़ दी गई। कोविड-19 की दूसरी लहर अब भी जारी है; कई त्योहारों के कारण सितंबर और अक्टूबर महामारी प्रबंधन को लेकर महत्वपूर्ण हैं। कोविड-19 के टीके रोग में सुधार के लिए हैं न कि रोग को रोकने के लिए; इसलिए टीकाकरण के बाद भी मास्क का उपयोग करना बहुत जरूरी है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत