1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. मुंबई ब्रिज हादसा: 6 लोगों की मौत, रेलवे और BMC अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज

मुंबई ब्रिज हादसा: 6 लोगों की मौत, रेलवे और BMC अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 15, 2019 09:02 am IST,  Updated : Mar 15, 2019 09:04 am IST

दक्षिणी मुंबई में एक रेलवे स्टेशन के पास बृहस्पतिवार शाम पैदल पार (फुट ओवर) पुल का बड़ा हिस्सा ढह जाने से 6 लोगों की मौत हो गई

Mumbai Bridge Collapse- India TV Hindi
Mumbai Bridge Collapse Image Source : ANI

मुंबई: दक्षिणी मुंबई में एक रेलवे स्टेशन के पास बृहस्पतिवार शाम पैदल पार (फुट ओवर) पुल का बड़ा हिस्सा ढह जाने से 6 लोगों की मौत हो गई जबकि 32 अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। प्रसिद्ध सीएसएमटी स्टेशन के पास स्थित इस पुल को आम तौर पर ‘कसाब पुल’ के नाम से जाना जाता है क्योंकि 26/11 मुंबई आतंकवादी हमले के दौरान आतंकवादी इसी पुल से गुजरे थे। आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के अधिकारी ने बताया कि सभी घायलों को निकटवर्ती अस्पतालों में ले जाया गया है।

एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि जब पुल ढहा तब पास के सिग्नल पर लाल बत्ती के चलते ट्रैफिक रुका हुआ था और इसी कारण ज्यादा मौतें नहीं हुई। वहीं अन्य प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि आज सुबह पुल पर मरम्मत कार्य चल रहा था इसके बावजूद इसका इस्तेमाल किया गया। अधिकारी ने बताया कि घटना शाम साढ़े सात बजे हुई जब पुल का अधिकांश हिस्सा गिर गया। उन्होंने बताया, “दमकल कर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य तेजी से चल रहा है। हमने मोटर यात्रियों से डी एन मार्ग से लेकर जे जे फ्लाईओवर तक के रास्ते पर जाने से बचने के लिए कहा है।”

मुंबई पुलिस ने ट्वीट किया, ‘‘सीएसटी के प्लेटफॉर्म संख्या एक के उत्तरी छोर को टाइम्स ऑफ इंडिया इमारत के पास बीटी लेन से जोड़ने वाला पैदल पार पुल ढह गया है। यातायात प्रभावित हो गया है। यात्री अन्य मार्गों का इस्तेमाल करें। वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं।” पुलिस प्रवक्ता मंजूनाथ सिंगे ने बताया कि मृतकों की पहचान अपूर्वा प्रभु (35), रंजना ताम्बे (40), भक्ति शिंदे (40), जाहिद शिराज खान (32) और टी सिंह (35) के रूप में हुई है। प्रभु और ताम्बे जीटी अस्पताल में काम करते थे।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़णवीस ने मृतकों के परिजन के लिए पांच-पांच लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि 40 साल पुराने इस पुल के गिरने की जांच एक उच्चस्तरीय समिति करेगी। घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। उनके इलाज का खर्च सरकार वहन करेगी।

कांग्रेस ने मांगा रेल मंत्री पीयूष गोयल का इस्तीफा

कांग्रेस पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट कर कहा कि मुंबई ब्रिज हादसे के बारे में सुनकर दुख हुआ। मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। उन्होंने कहा, ''आशा करता हूं कि प्रशासन त्वरित कदम उठाएगा और घायलों को तत्काल चिकित्सा मदद मुहैया कराएगा।'' उन्होंने हाल के कुछ वर्षो में फुटओवर पुलों के ढहने की घटनाओं का हवाला देते हुए आरोप लगाया, ''बार बार हो रहे इस तरह के हादसों के लिए मोदी सरकार और महाराष्ट्र सरकार जिम्मेदार है।'' सुरजेवाला ने कहा, '' ऑडिट से जुड़े रेल मंत्री के बड़े बड़े दावे बार बार गलत साबित हुए हैं। पीयूष गोयल को इस्तीफा देना चाहिए या फिर उन्हें बर्खास्त किया जाए।'' 

राहुल गांधी ने हादसे पर दुख जताया

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने इस हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट किया, 'मुंबई फुटओवर ब्रिज हादसे की ख़बर से मुझे बेहद दुःख हुआ है। मृतकों के परिजनों के प्रति मैं अपनी गहरी शोक और संवेदना व्यक्त करता हूँ। जो घायल हैं उन्हें जल्द से जल्द राहत मिले मेरी ये प्रार्थना है।

देवेंद्र फडणवीस ने दिए उच्चस्तरीय जांच के आदेश

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, 'मुंबई में टाइम्स ऑफ इंडिया बिल्डिंग के पास हुए फुटओवर ब्रिज के एक हिस्सा गिरने की खबर से बहुत दुखी हूं। बीएमसी और स्थानीय प्रशासन को हर संभव सहायता के लिए निर्देश दिया है।' फडणवीस ने इस हादसे की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले साल इस पुल का स्ट्रक्चरल ऑडिट कराया गया था जिसमें इसकी माइनर रिपेयर की बात कही गई थी। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत