नई दिल्ली: PM मोदी के सरकार प्रमुख के तौर पर 25 साल पूरे हो गए हैं। इस मौके पर उन्हें हर तरफ से बधाई संदेश मिल रहे हैं। बीजेपी के सभी बड़े नेताओं ने भी पीएम मोदी को बधाई दी है। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला समेत कई प्रमुख नेताओं ने उनकी तारीफ की और देश में समावेशी विकास लाने और कई क्षेत्रों में देश को बदलने का श्रेय उनके नेतृत्व को दिया।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने क्या कहा?
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट कर कहा, "अथक परिश्रम, अद्भुत संकल्पशक्ति व राष्ट्र प्रथम को जीवन का लक्ष्य बनाने वाले यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने पर उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं। आज ही के दिन, 7 अक्टूबर 2001 को मोदी जी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। तब से लगातार मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उनकी सेवा, संघर्ष व समर्पण की यह यात्रा गरीबों का कल्याण, महिलाओं का सशक्तीकरण, युवाओं का उत्थान और हर वर्ग की समृद्धि का पर्याय बन गई है। #25YearsOfSeva में मोदी जी ने जनकल्याणकारी नीतियों, उनके क्रियान्वयन, निर्णय की दृढ़ता, पारदर्शिता व परिणाम की गारंटी से शासन की परिभाषा ही बदल दी और 'पॉलिटिक्स ऑफ परफॉर्मेंस' का आदर्श स्थापित किया।"
अमित शाह ने कहा, "मोदी जी ने मुख्यमंत्री के रूप में भूकंप से उजड़े कच्छ का पुनर्निर्माण कर उसे एक मिसाल बनाया, ज्योतिग्राम योजना से गांव-गांव तक 24 घंटे बिजली पहुंचाई, सौर ऊर्जा और वाइब्रेंट गुजरात के माध्यम से निवेश व उद्योग को नई दिशा दी तथा 8% से अधिक कृषि विकास दर हासिल कर गुजरात में सुशासन का एक ऐसा मॉडल खड़ा किया, जो आगे चलकर पूरे देश का आधार बना। प्रधानमंत्री के रूप में इसी दृष्टि का विस्तार हुआ। अंतरिक्ष से समुद्र तक और वैश्विक मंचों से आंतरिक सुरक्षा तक भारत ने नई उपलब्धियां हासिल कीं। जन-जन के जीवन में भी बड़ा बदलाव आया—25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले और करोड़ों परिवारों को पक्के मकान, ₹5 लाख तक का स्वास्थ्य सुरक्षा कवर, उज्ज्वला गैस कनेक्शन और घर-घर नल से जल पहुंचा।"
अमित शाह ने कहा, "आज मोदी जी के नेतृत्व में भारत तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के साथ मैन्युफैक्चरिंग, डिजिटल पेमेंट, स्टार्टअप, सेमीकंडक्टर, रक्षा उत्पादन और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में नई ऊंचाइयां छू रहा है। युद्ध व अस्थिरता के इस दौर में भारत शांति व सौहार्द की एक महत्वपूर्ण वैश्विक आवाज बनकर उभरा है। मोदी जी ने करोड़ों देशवासियों में आत्मविश्वास जगाकर ‘विकसित भारत’ का मंत्र दिया और 2047 तक हर क्षेत्र में भारत को अग्रणी बनाने का संकल्प दिलाया। उनके नेतृत्व में सेवा कार्यों का भागीदार बनना हम सभी के लिए सौभाग्य व गौरव की बात है।"
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने क्या कहा?
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, "आज प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं। पहले गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में 13 वर्ष और अब भारत के प्रधानमंत्री के रूप में पिछले 12 वर्षों से मोदी जी निरंतर जनसेवा में समर्पित हैं। मैं मोदी जी को इस सफल यात्रा के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं। 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई उनकी यात्रा राष्ट्रसेवा, सुशासन और जनकल्याण का पर्याय बन चुकी है। इस पूरी यात्रा का मूल मंत्र हमेशा ‘राष्ट्र प्रथम, सदैव प्रथम’ रहा है। मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व में जनकल्याणकारी कार्यों का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है और करोड़ों लोगों को घर, पानी, शौचालय, गैस कनेक्शन और बैंकिंग जैसी मूलभूत सुविधाएं मिली हैं।"
राजनाथ सिंह ने कहा, "आज हम ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के मंत्र के साथ ‘विकसित भारत’ के संकल्प को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। मोदी जी के नेतृत्व में सुशासन को मजबूती मिली है और भारत हर क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है। आज हम विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुके हैं और विकास भी अधिक समावेशी हुआ है। युवाओं के लिए रोजगार और नए अवसर बढ़े हैं, उद्यमशीलता और स्टार्ट-अप्स को बढ़ावा मिला है तथा नवाचार के लिए नए अवसरों का सृजन हुआ है। आज, देश की आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने के साथ-साथ बाहरी खतरों का भी दृढ़ता से सामना किया जा रहा है।"
राजनाथ सिंह ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की राष्ट्रसेवा की यह यात्रा हम सभी के लिए प्रेरणादायी है। यह 25 वर्ष उनकी यात्रा का एक पड़ाव हैं, पूर्ण विराम नहीं। मेरी कामना है कि आने वाले वर्षों में भी हम उनके दूरदर्शी नेतृत्व में ‘जनसेवा ही प्रभुसेवा’ के संकल्प के साथ नई ऊर्जा और समर्पण से राष्ट्रसेवा के पथ पर आगे बढ़ते रहें।"
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने क्या कहा?
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा, "25 सालों की निडर और केंद्रित लीडरशिप के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद। कई ऐसे मौके आए जब आसान रास्ता मौजूद था, लेकिन आपने हमेशा सही रास्ता चुना, भले ही वह मुश्किल था। ऐसी हिम्मत बहुत कम देखने को मिलती है।"
केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण ने क्या कहा?
केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, "आज, 7 अक्टूबर को हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शानदार करियर का जश्न मना रहे हैं। ठीक 25 साल पहले इसी दिन उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर जिम्मेदारी संभाली थी। उससे पहले, वे किसी भी चुने हुए पद पर नहीं रहे थे। उन्होंने पूरी लगन से सेवा की और काम करते हुए सीखते भी रहे। निस्वार्थ भाव, कोई भ्रष्टाचार नहीं, और न ही कोई भाई-भतीजावाद। अब वे प्रधानमंत्री के तौर पर सेवा कर रहे हैं। सिर्फ बीजेपी में ही एक कार्यकर्ता को बिना किसी राजनीतिक परिवार/वंश या पैसे-दौतत की पृष्ठभूमि के भी आगे बढ़ने के मौके मिलते हैं। यह लोकतंत्र के लिए एक मजबूत संदेश है।"
विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर ने क्या कहा?
विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, "जनसेवा में 25 वर्षों के अथक योगदान के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हार्दिक बधाई। 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री बनने के बाद से ही, प्रधानमंत्री मोदी ने अपना जीवन राष्ट्र की सेवा और लोगों के कल्याण के लिए समर्पित कर दिया है। #25YearsOfSeva के दौरान, प्रधानमंत्री मोदी ने गरीबों के सम्मान और उनकी आकांक्षाओं, तथा महिलाओं और युवाओं के सशक्तिकरण को शासन के केंद्र में रखा है। उनके निर्णायक नेतृत्व और पारदर्शी व परिणाम-उन्मुख शासन ने समावेशी विकास को आगे बढ़ाया है और पूरे देश में क्रांतिकारी बदलाव लाए हैं। #NationFirst (राष्ट्र-प्रथम) की भावना से प्रेरित होकर, प्रधानमंत्री मोदी #ViksitBharat2047 और #AatmanirbharBharat की दिशा में भारत की यात्रा का नेतृत्व कर रहे हैं।"
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने क्या कहा?
सीएम योगी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, "जनसेवा से राष्ट्रसेवा को जीवन का ध्येय मानकर भारत की अस्मिता, स्वाभिमान और गौरव को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए निरंतर समर्पित आदरणीय प्रधानमंत्री मोदी का हेड ऑफ द गवरमेंट के रूप में 25 गौरवशाली वर्ष पूर्ण होना हम सभी के लिए अत्यंत हर्ष का अवसर है। इन वर्षों की राष्ट्र साधना में जनसेवा के प्रति अटूट समर्पण, दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शी नेतृत्व और 'राष्ट्र प्रथम' की भावना निरंतर प्रतिबिंबित हुई है। प्रधानमंत्री जी का जीवन देश वासियों को विकसित, आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के निर्माण के लिए प्रेरित करता है। राष्ट्रसेवा के इस अविराम पथ पर 25 गौरवशाली वर्ष पूर्ण होने पर प्रधानमंत्री जी को हार्दिक बधाई।"
बिहार के सीएम सम्राट चौधरी ने क्या कहा?
बिहार के सीएम सम्राट चौधरी ने कहा, "जनसेवा से राष्ट्रसेवा को जीवन का ध्येय मानकर राष्ट्र प्रथम की भावना से भारत को विकास और गौरव की नई ऊंचाइयों तक ले जाने वाले माननीय प्रधानमंत्री के हेड ऑफ द गवरमेंट के रूप में 25 गौरवशाली वर्ष पूर्ण होना हम सभी के लिए गर्व का अवसर है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बिहार की जनता की ओर से उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।"