1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. चक्रवात बुरेवी के प्रभावों की वजह से पुडुचेरी में भारी बारिश

चक्रवात बुरेवी के प्रभावों की वजह से पुडुचेरी में भारी बारिश

 Reported By: Bhasha
 Published : Dec 04, 2020 03:01 pm IST,  Updated : Dec 04, 2020 03:03 pm IST

पुडुचेरी और उसके उपनगरों में चक्रवात बुरेवी के प्रभावों की वजह से शुक्रवार को भारी बारिश हुई।

चक्रवात बुरेवी के प्रभावों की वजह से पुडुचेरी में भारी बारिश - India TV Hindi
चक्रवात बुरेवी के प्रभावों की वजह से पुडुचेरी में भारी बारिश  Image Source : PTI

पुडुचेरी: पुडुचेरी और उसके उपनगरों में चक्रवात बुरेवी के प्रभावों की वजह से शुक्रवार को भारी बारिश हुई। आधिकारिक सूत्रों ने पीटीआई-भाषा को बताया कि पिछले 24 घंटे में शुक्रवार सुबह आठ बजकर 30 मिनट तक पुडुचेरी में करीब 14 सेमी बारिश दर्ज की गई। मूसलाधार बारिश की वजह से कई आवासीय कालोनियों और मुख्य मार्गों पर जलजमाव देखने को मिले और कई क्षेत्रों में कई घंटों तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रही।

दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाड़ी में चक्रवात के प्रभाव की वजह से भारी बारिश हो रही है लेकिन अब यह कमजोर होकर निम्न दबाव क्षेत्र में तब्दील हो गया। मुख्यमंत्री वी नारायणसामी ने बारिश प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और इनमें से कुछ स्थानों पर उन्हें घुटने भर पानी से भी गुजरना पड़ा। नारायणसामी ने कुछ इलाकों में जमे पानी को बाहर निकालने के नगर निगमों के कदमों का भी निरीक्षण किया। 

केरल में अलर्ट वापस लिया गया

केरल में मौसम विभाग ने चक्रवात ‘बुरेवी’ के कमजोर होने के कारण राज्य के सात जिलों के लिए जारी ‘रेड अलर्ट’ वापस ले लिया है। चक्रवात ‘बुरेवी’ के प्रभाव से होने वाली बारिश और क्षति की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने यह अलर्ट जारी किया था। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बृहस्पतिवार देर रात एक बुलेटिन जारी कर ‘रेड अलर्ट’ वापस ले लिया और राज्य के 10 जिलों के लिए ‘यलो अलर्ट’ जारी किया।

आईएमडी ने शुक्रवार सुबह जारी बुलेटिन में कहा कि अगले छह घंटे में दबाव क्षेत्र धीरे-धीरे पश्चिम-दक्षिण पश्चिम की ओर बढ़ जाएगा और रामानाथपुरम तथा तमिलनाडु से सटे थूथुकुडी जिलों को पार कर जाएगा। इस दौरान हवा की गति 70 किलोमीटर प्रतिघंटा तक पहुंच सकती है। आईएमडी ने कहा, ‘‘अगले 12 घंटे के दौरान चक्रवात के और कमजोर होने की संभावना है।’’ मौसम विभाग ने तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पत्तनमथिट्टा, अलप्पुझा, कोट्टायम, एर्णाकुलम, इडुक्की, त्रिशूर, पलक्कड़ और मलप्पुरम जिलों के लिए ‘यलो अलर्ट’ जारी किया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत