1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. बर्थडे पर दाऊद लेगा संन्‍यास, करेगा डी-कंपनी के वारिस का ऐलान!

बर्थडे पर दाऊद लेगा संन्‍यास, करेगा डी-कंपनी के वारिस का ऐलान!

 Written By: India TV News Desk
 Published : Dec 26, 2015 01:26 pm IST,  Updated : Dec 26, 2015 01:26 pm IST

अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम आज यानि 26 दिसंबर को अपना 60वां जन्म दिन मनाएगा। दाऊद की जन्मदिन पार्टी में क्रिकेट और राजनीति समेत कई क्षेत्रों के करीब 650 दिग्गजों के जुटने का अनुमान है।

dawood ibrahim- India TV Hindi
dawood ibrahim Image Source : PTI

नई दिल्ली: अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम आज यानि 26 दिसंबर को अपना 60वां जन्मदिन मनाएगा। दाऊद की जन्मदिन पार्टी में क्रिकेट और राजनीति समेत कई क्षेत्रों के करीब 650 दिग्गजों के जुटने का अनुमान है। खबरों के मुताबिक इसके बाद वह मक्का जाने की तैयारी में है। पार्टी कराची के रमाडा प्लाजा या मैरियट होटल में से किसी एक जगह हो सकती है। इसका खुलासा भारत की इंटेलिजेंस एजेंसियों ने कॉल इंटरसेप्ट के बाद किया। हालांकि फिलहाल इस संबंध में कोई पुख्ता जानकारी सामने नहीं आई है।  

माना जा रहा है कि इस पार्टी में दाऊद अंडरवर्ल्ड को अलविदा भी कह सकता है। पार्टी की तैयारियों का खुलासा तब हुआ जब छोटा शकील ने दुबई में एक शख्स को पार्टी का न्योता भेजा। बातचीत से पता चला है कि पार्टी की तैयारी जोरों पर है। अंदाजा ये भी है कि मुंबई में दाऊद के कुछ खास लोग भी पार्टी में शामिल होंगे।

पार्टी में पाकिस्तानी की खुफिया एजेंसी ISI के तमाम बड़े अधिकारी, नेता और कुछ क्रिकेटर शामिल होंगे। इसके साथ ही नेपाल के कुछ सांसदों को भी पार्टी में शामिल होने का न्योता भेजा गया है। जबकि पाक हमेशा ही इस बात से इंकार करता आ रहा है कि दाऊद पाक में है।

दाऊद अपने गिरते स्वास्थ्य के कारण ड्रग्स, सट्टेबाजी, हवाला और हथियारों की तस्करी से बनाए लगभग 10 अरब डॉलर के साम्राज्य का उत्तराधिकारी चुनने का फैसला कर सकता है।इस लिस्ट में दाऊद के परिवार से उसकी पत्नी महजबीन, बड़ी बेटी माहरुख इब्राहिम जिसकी शादी पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर जावेद मियांदाद के बेटे जुनैद मियांदाद से हुई है, दूसरी बेटी माहरीन इब्राहिम, सबसे छोटी बेटी मारिया शेख, इकलौता बेटा मोईन नवाज, दाऊद का भाई अनीस इब्राहिम आदि शामिल हैं, जबकि उसके पूरे नेटवर्क की जानकारी रखने वाला छोटा शकील भी इस सल्तनत का मजबूत दावेदार नजर आ रहा है।

लेकिन, दो नामों की सबसे ज़्यादा चर्चा है। एक है दाऊद का सगा भाई अनीस इब्राहिम और दूसरा है उसका सबसे भरोसेमंद साथी छोटा शकील। भारत से दाऊद के भागने के बाद अनीस इब्राहिम और छोटा शकील साये की तरह दाऊद के साथ रहे और डी-कंपनी के हर धंधे को संभाला। कहा जा रहा है कि डी-कंपनी का नया सरताज अनीस इब्राहिम हो सकता है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत