चेन्नई: तमिलनाडु में बारिश से जुड़ी घटनाओं में आठ और लोगों की मौत हो जाने से वहां हाल ही में हुई बारिश में मरने वालों की संख्या 184 हो गई है। बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्वी भाग में बने नए कम दबाव से तमिलनाडु में और वर्षा होने की संभावना है। चेन्नई सहित राज्य के कई भागों में बारिश जारी रहेगी।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान विभाग निदेशक एस आर रमनान ने यहां संवाददाताओं को बताया, कम दबाव के कारण शनिवार को तमिलनाडु के समुद्रतटीय जिलों में बारिश होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि रविवार एवं सोमवार को राज्य के समुद्रतटीय जिलों में भारी बारिश हो सकती है। पिछले कुछ दिनों से राज्य में भारी बारिश हुई है, जिसके चलते जन-धन के नुकसान के अलावा फसलें भी व्यापक रूप से क्षतिग्रस्त हुई हैं।
मुख्यमंत्री जे जयललिता ने बताया कि 18 नवंबर से 25 नवंबर के बीच बारिश से जुड़ी विभिन्न घटनाओं में आठ और लोग मारे गए हैं, जिसके कारण मरने वालों की संख्या 184 हो गई है। उन्होंने हरेक मृतक के परिजन को चार-चार लाख रुपए की राहत सहायता देने की घोषणा की है।
केलांबक्कम (कांचीपुरम) और कोडावसाल (तिरवरर) में क्रमश: चार सेंटीमीटर एवं तीन सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।
राज्य में कुल 483.3 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। गौरतलब है कि चेन्नई में हो रही बारिश के कारण लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।