1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. ऑड-ईवन फॉर्मूले की टेस्टिंग के दौरान स्कूल रहेंगे बंद, DTC कर्मचारियों की छुट्टी रद्द

ऑड-ईवन फॉर्मूले की टेस्टिंग के दौरान स्कूल रहेंगे बंद, DTC कर्मचारियों की छुट्टी रद्द

 Written By: Bhasha
 Published : Dec 19, 2015 08:32 am IST,  Updated : Dec 19, 2015 08:32 am IST

दिल्ली सरकार ने ऑड-ईवन फॉर्मूले योजना लागू करने की प्रायोगिक अवधि के दौरान एक जनवरी से 15 दिन तक राष्ट्रीय राजधानी में स्कूलों को बंद रखने और स्कूल बसों को DTC बेड़े के तहत चलाने का आदेश दिया है।

car odd even formula- India TV Hindi
car odd even formula

नई दिल्ली: दिल्ली सरकार ने ऑड-ईवन फॉर्मूले योजना लागू करने की प्रायोगिक अवधि के दौरान एक जनवरी से 15 दिन तक राष्ट्रीय राजधानी में स्कूलों को बंद रखने और स्कूल बसों को DTC बेड़े के तहत चलाने का आदेश दिया है। इसके साथ ही परिवहन मंत्री गोपाल राय ने इस दौरान ड्राइवर और कंडक्टर सहित दिल्ली परिवहन निगम के सभी कर्मचारियों की छुट्टी रद्द कर दी।

शिक्षा निदेशालय द्वारा जारी आधिकारिक अधिसूचना में कहा गया है, 'हमारे बच्चों के लिए नई योजना से कम से कम बाधा हो और सम-विषम योजना के दिनों में सार्वजनिक परिवहन बढ़ाने के लिए सरकार ने एक से 15 जनवरी तक सभी स्कूलों के लिए अवकाश घोषित करने और स्कूली बसों को डीटीसी की जरूरत के मुताबिक अधिसूचित दरों पर लेने का फैसला किया है।'

इसमें कहा गया है कि इस आदेश से शिक्षा का अधिकार कानून में वर्णित स्कूली दिनों की संख्या में कुछ अंतर आ सकता है, लेकिन सरकार की राय है कि स्वास्थ्य के हित को और बच्चों की बेहतरी को देखते हुए इसमें लचीलापन हो सकता है। निदेशालय ने सभी सरकारी स्कूलों और गैर सहायताप्राप्त/मान्यताप्राप्त निजी स्कूलों को इस अवधि में छुट्टी घोषित करने का निर्देश दिया है।

साथ ही दिल्ली के परिवहन मंत्री गोपाल राय ने इस योजना की टेस्टिंग की अवधि के दौरान ड्राइवर और कंडक्टर सहित दिल्ली परिवहन निगम के सभी कर्मचारियों की छुट्टी रद्द कर दी। राय ने कहा कि दिल्ली के लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा प्रदान करने के लिए सरकार ने डीटीसी और क्लस्टर बस के सभी कर्मचारियों की छुट्टी रद्द करने का फैसला किया है, जिससे कि सम विषम योजना के क्रियान्वयन के दौरान बस सेवा में बाधा नहीं हो।

आम आदमी पार्टी की सरकार ने एक जनवरी से 15 जनवरी तक इस योजना के क्रियान्वयन के दौरान चलने वाली निजी बसों को विशेष परमिट जारी करने के लिए पंजीकरण तारीख भी बढ़ा दी है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत