हैदराबाद: तेलंगाना में पति की कोविड-19 संक्रमण के कारण मौत होने के 2 दिन बाद पत्नी ने कथित तौर पर अपने घर की छत से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि महिला अपने पति की मौत के बाद से ही डिप्रेशन में थी। पुलिस द्वारा शनिवार को दी गई जानकारी के मुताबिक, कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के बाद महिला के 58 वर्षीय पति को उनके घर में ही पृथकवास में रखा गया था। उन्होंने बताया कि आइसोलेशन में रहने के दौरान ही महिला के पति की गुरुवार को मौत हो गई।
Related Stories
पुलिस ने बताया कि अपने पति की मौत के बाद 55 वर्षीय महिला यह सदमा बर्दाश्त नहीं कर पाईं और अपने घर की छत से छलांग लगाकर अपनी जान दे दी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दंपति की कोई संतान नहीं है। मृत महिला अंबेडकर नगर की रहने वाली थी और एएस राव नगर की एक सुपर मार्केट में काम करती थीं। पुलिस ने कहा कि मौत के संबंध में एक मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि महिला के शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, महिला के पति का अंतिम संस्कार ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम ने कोविड-19 प्रोटोकॉल का अनुपालन करते हुए शुक्रवार को किया था। बता दें कि पिछले कुछ दिनों में कोरोना वायरस के चलते लोगों के द्वारा आत्महत्या करने की काफी खबरें सामने आई हैं। इसके अलावा कोरोना के चलते उपजी परिस्थितियों ने भी लोगों के मानसिक स्वास्थ्य पर गहरा असर छोड़ा है, जिसके चलते लोग आत्महत्या जैसा घातक कदम उठा ले रहे हैं।