1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. देशभर में आज मनाई जा रही है ईद, कोरोना की पाबंदियों के कारण लोग घरों में अदा कर रहे हैं नमाज

देशभर में आज मनाई जा रही है ईद, कोरोना की पाबंदियों के कारण लोग घरों में अदा कर रहे हैं नमाज

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : May 14, 2021 08:26 am IST,  Updated : May 14, 2021 08:26 am IST

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने देशवासियों को ईद-उल-फितर की बधाई देते हुए आह्वान किया कि वे कोविड-19 को हराने के लिए नियमों और दिशानिर्देशों का अनुपालन करें। साथ ही देश और समाज की भलाई के लिए काम करें। 

देशभर में आज मनाई जा रही है ईद, कोरोना की पाबंदियों के कारण लोग घरों में अदा कर रहे हैं नमाज- India TV Hindi
देशभर में आज मनाई जा रही है ईद, कोरोना की पाबंदियों के कारण लोग घरों में अदा कर रहे हैं नमाज Image Source : FILE

नई दिल्ली: कोरोना की पाबंदियों के बीच देशभर में आज ईद का त्योहार मनाया जा रहा है। अधिकांश राज्यों में कोरोना को लेकर लॉकडाउन है जिसके चलते लोग घरों में नमाज अदा कर रहे हैं।  राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने देशवासियों को ईद-उल-फितर की बधाई देते हुए आह्वान किया कि वे कोविड-19 को हराने के लिए नियमों और दिशानिर्देशों का अनुपालन करें। साथ ही देश और समाज की भलाई के लिए काम करें। 

राष्ट्रपति ने अपने संदेश में कहा, ‘‘ ईद-उल-फितर का पावन त्योहार रमजान के संपन्न होने पर भाईचारे और सदभावना के अवसर के रूप में मनाया जाता है।’’ कोविंद ने कहा कि ईद-उल-फितर खुद को मानवता की सेवा की ओर मोड़ने और जरूरतमंद की जिंदगी को बेहतर बनाने के अवसर के तौर पर भी मनाया जाता है। उन्होंने कहा, ‘‘हम सभी संकल्प लें कि कोविड-19 की इस महामारी में सभी नियमों और दिशानिर्देशों का अनुपालन करेंगे और समाज और देश की भलाई के लिए काम करेंगे।’’ 

राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘ईद्-उल-फितर के मौके पर मैं सभी देशवासियों, खासतौर पर मुस्लिम भाइयों और बहनों को बधाई देता हूं।’’ वहीं, दिल्ली स्थित जामिया मिल्लिया इस्लामिया की कुलपति नजमा अख्तर ने बृहस्पतिवार को विद्यार्थियों, शिक्षकों और गैर शैक्षक कर्मियों को ईद-उल-फितर की बधाई दी। उन्होंने कहा, ‘‘ बेहतर दिन आने वाले हैं।’’ अख्तर ने बधाई पत्र में लोगों को मौजूदा स्थिति में सकारात्मक रहने के लिए प्रोस्ताहित किया। उन्होंने लिखा,‘‘हम ईद पर मिलकर प्रार्थना करें कि हममें कभी खत्म नहीं होने वाली उम्मीद, सकारात्मकता और भरोसा बना रहे ताकि हम कोविड-19 महामारी के खिलाफ लड़ाई में मजबूत होकर खड़े रह सके।’’ 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत