1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. एमपी में अवैध शराब की तस्करी रोकने गए थाना प्रभारी की हत्या मामले में एक्शन, पुलिस ने किया 2 आरोपियों का हाफ एनकाउंटर

एमपी में अवैध शराब की तस्करी रोकने गए थाना प्रभारी की हत्या मामले में एक्शन, पुलिस ने किया 2 आरोपियों का हाफ एनकाउंटर

 Written By: Vinay Trivedi
 Published : Nov 04, 2026 08:18 am IST,  Updated : Nov 04, 2026 08:44 am IST

देवास जिले में अवैध शराब की तस्करी रोकने पहुंचे थाना प्रभारी दिलीप पुरी की हत्या के मामले में पकड़े गए 2 आरोपियों का अलग-अलग जगहों पर हाफ एनकाउंटर हुआ है। जानें ये पूरा मामला क्या है।

हाफ एनकाउंटर के बाद...- India TV Hindi
हाफ एनकाउंटर के बाद आरोपी को इलाज के लिए हॉस्पिटल ले जाया गया। Image Source : REPORTERS INPUT

मध्य प्रदेश के देवास जिले में अवैध शराब की तस्करी रोकने पहुंचे थाना प्रभारी दिलीप पुरी के मर्डर मामले में पुलिस ने एक्शन लिया है। दरअसल, मुख्य आरोपी ट्रक ड्राइवर और उसके साथी ने मंगलवार रात पुलिस हिरासत से कथित तौर पर भागने का प्रयास किया था। इस दौरान, पुलिस के साथ मुठभेड़ में वे दोनों गोली लगने से जख्मी हो गए।

हत्या के 48 घंटे के भीतर दो आरोपियों का शॉर्ट एनकाउंटर

बता दें कि बीते सोमवार की दरमियानी रात खातेगांव TI दिलीप पुरी की अवैध शराब की तस्करी कर रहे ट्रक चालक ने कुचलकर हत्या कर दी थी। अब मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 48 घंटे के भीतर आरोपी ड्राइवर और उसके साथी धीरज का शॉर्ट एनकाउंटर किया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, दोनों आरोपियों को पुलिस आलीराजपुर से पकड़कर अलग-अलग रास्ते से खातेगांव ले जा रही थी। उसी दौरान, गोलीबारी की नौबत आ गई।

भागते वक्त मुख्य आरोपी के सीधे पैर में लगी गोली

बता दें कि राजोदा और बरोठा के बीच पुलिस की गाड़ी का टायर पंचर हो गया। पुलिसकर्मी टायर बदल रहे थे, तभी आरोपी ने लघुशंका जाने का बहाना बनाया और मौके का फायदा उठाकर एएसआई की सर्विस रिवॉल्वर छीनकर भागने लगा। भागते समय आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई, जो आरोपी के पैर में लगी। इसके बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी का भागने के दौरान शॉर्ट एनकाउंटर करते हुए उसके सीधे पैर के निचले हिस्से में गोली मार दी। उसे देर रात तत्काल जिला अस्पताल लाया गया। इस दौरान, जिला अस्पताल में हड़कंप मच गया।

घायल आरोपियों को इंदौर रेफर किया गया

मुख्य आरोपी को प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर कर दिया गया है। इसके बाद, उसके साथी धीरज को भी पैर में गोली लगने के बाद जिला अस्पताल लाया गया। ड्राइवर के साथी धीरज को बैंक नोट प्रेस थाना क्षेत्र के भोपाल बायपास पर भागने के दौरान सीधे पैर में गोली लगी। धीरज को भी प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर कर दिया गया।

थाना प्रभारी पर चढ़ा दिया था ट्रक

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब की खेप तस्करी के जरिए गुजरात भेजे जाने की सूचना पर खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी पुलिस दल के साथ सोमवार तड़के इंदौर-बैतूल राजमार्ग पर पहुंचे थे। पुरी ने 1,800 से ज्यादा लीटर शराब से भरे ट्रक को रोककर ड्राइवर से पूछताछ की कोशिश की, लेकिन ड्राइवर ने पुलिस से बचकर भागने के लिए ट्रक सड़क के डिवाइडर पर चढ़ा दिया। इस दौरान, ट्रक का पिछला पहिया थाना प्रभारी के ऊपर से गुजर गया जिससे उनकी जान चली गई।

(इनपुट- अरविंद चोकसे)

ये भी पढ़ें- देवास TI हत्या मामले में बड़ा खुलासा, हरदा से गुजरात जा रही थी अवैध शराब, तस्करी के नेटवर्क का मुख्य सरगना गिरफ्तार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।