1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. जम्मू कश्मीर में 2 मुठभेड़ में 8 आतंकी ढेर, पंपोर में मार गिराए मस्जिद में छिपे आतंकवादी

जम्मू कश्मीर में 2 मुठभेड़ में 8 आतंकी ढेर, पंपोर में मार गिराए मस्जिद में छिपे आतंकवादी

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jun 19, 2020 09:39 am IST,  Updated : Jun 19, 2020 10:33 am IST

जम्मू कश्मीर में दो अलग अलग मुठभेड़ों में सुरक्षाबलों ने 8 आतंकियों को ढेर कर दिया है। पहली मुठभेड़ गुरुवार से पंपोर में चल रही थी। यहां आज मस्जिद में छिपे 2 आतंकियों सहित 3 आतंकी मार गिराए हैं।

Jammu kashmir- India TV Hindi
Jammu kashmir Image Source : AP

जम्मू कश्मीर में दो अलग अलग मुठभेड़ों में सुरक्षाबलों ने 8 आतंकियों को ढेर कर दिया है। पहली मुठभेड़ गुरुवार से पंपोर में चल रही थी। यहां आज मस्जिद में छिपे 2 आतंकियों सहित 3 आतंकी मार गिराए हैं। वहीं दूसरी ओर शोपियां में भी सुरक्षाबलों ने 5 आ​तंकियों को ढेर कर दिया है। मुठभेड़ फिलहाल जारी है। बता दें कि जम्मू कश्मीर के पंपोर में आतंकियों से चल रही मुठभेड़ 24 घंटे बाद खत्म हो गई है। आज सुबह सुरक्षाबलों ने कल से मस्जिद में छिपे 2 और आतंकियों को ढेर कर दिया। बता दें कि पंपोर के मीज इलाके में कल सुबह यह मुठभेड़ शुरू हुई थी। कल ही सुरक्षाबलों ने एक आतंकी को ढेर कर दिया था। जम्मू कश्मीर के डीजीपी दिलबाग सिंह ने बताया कि मस्जिद में छिपे दो आतंकियों को आज ढेर कर दिया गया। इसके साथ ही मीज में छिपे सभी आतंकी ढेर हो चुके हैं। फिलहाल इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया गया है। 

बता दें कि गुरुवार सुबह जम्मू कश्मीर अवंतीपुरा के पंपोर स्थित मीज में यह मुठभेड़ शुरू हुई थी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि दक्षिण कश्मीर के पुलवामा के पम्पोरी इलाके के मीज में आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद गुरुवार सुबह सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर तलाश अभियान शुरू किया। उन्होंने बताया कि आतंकवादियों के सुरक्षाकर्मियों पर गोलीबारी करने के बाद तलाश अभियान मुठभेड़ में बदल गया। सुरक्षा बल के जवानों ने भी गोलीबारी का मुंहतोड़ जवाब दिया। अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ में एक आतंकवादी मारा गया। 

इससे पहले दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले में मंगलवार को हुई मुठभेड़ में भी सुरक्षा बलों ने तीन आतंकवादियों को ढेर कर दिया था। मौके से एक एके राइफल और एक इंसास राइफल बरामद हुई थी। शनिवार को कुलगाम जिले में भी दो आतंकवादी मारे गए थे। आधिकारिक आकलन के अनुसार इस साल केन्द्र शासित प्रदेश में 100 से अधिक आतंकवादी मारे गए हैं, जिनमें विभिन्न संगठनों के 10 से अधिक शीर्ष कमांडर भी शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि अप्रैल में कम से कम 28 आतंकवादी मारे गए हैं जबकि पिछले पखवाड़े में 22 आतंकवादी मारे गए हैं। वहीं, जनवरी और मई में 18-18 और फरवरी और मार्च में सात-सात आतंकवादी मारे गए। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत