नई दिल्ली: एक जनवरी से राष्ट्रीय राजधानी में सम-विषम वाहन योजना की शुरूआत के बाद कल पहला पूर्ण रूप से कामकाजी दिन था और इसमें दो लाख ज्यादा यात्रियों ने दिल्ली मेट्रो में यात्रा की। इस बीच, दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) के अधिकारियों ने कहा कि ट्रेन सेवा में पहले इससे भी ज्यादा यात्री सफर कर चुके हैं।
मेट्रो अधिकारियों ने बताया कि कल 28,19,657 यात्रियों ने ट्रेन सेवा में सफर किया जबकि मेट्रो में रोजाना औसतन 26 लाख यात्री सफर करते हैं। हालांकि अधिकारियों ने कहा कि इसमें कुछ भी नया नहीं है क्योंकि हर हफ्ते के पहले कामकाजी दिन इतनी बड़ी संख्या में लोग मेट्रो में सफर करते हैं।
आधिकारिक आंकड़े के मुताबिक, पिछले पांच कामकाजी सोमवारों में से तीन सोमवारों में कल से ज्यादा यात्रियों ने मेट्रो में यात्रा की थी। बीते 21 दिसंबर को 28,88,128 लोगों ने मेट्रो में यात्रा की थी। सबसे व्यस्त मानी जाने वाली कॉरीडोर ब्लू लाइन, जो नोएडा सिटी सेंटर और वैशाली को द्वारका सेक्टर-21 से जोड़ती है, पर पिछले पांच में से चार सोमवारों में ज्यादा लोगों ने मेट्रो में यात्रा की थी। 21 दिसंबर को कल के 10,09,105 की तुलना में 10,61,814 लोगों ने ब्लू लाइन में सफर किया था।
कल खचाखच भरे राजीव चौक मेट्रो स्टेशन की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर खूब साझा की जा रही थी, जिस पर डीएमआरसी के प्रमुख मंगू सिंह ने आनन-फानन में बयान जारी कर स्पष्ट किया कि वह एक पुरानी तस्वीर है।