1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. मोदी-ट्रंप के कार्यक्रम स्थल के पास झोपड़पट्टी के 45 परिवारों को घर खाली करने के नोटिस जारी

मोदी-ट्रंप के कार्यक्रम स्थल के पास झोपड़पट्टी के 45 परिवारों को घर खाली करने के नोटिस जारी

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Feb 18, 2020 04:18 pm IST,  Updated : Feb 18, 2020 04:21 pm IST

24 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अहमदाबाद में बने नए मोटेरा स्टेडियम पहुंचेगे। उनकी इस यात्रा से पहले अहमदाबाद नगर निगम ने स्टेडियम के पास झोपड़पट्टी में रहने वाले 45 परिवारों को वहां से जाने के लिए कहा है।

मोदी-ट्रंप के...- India TV Hindi
मोदी-ट्रंप के कार्यक्रम स्थल के पास झोपड़पट्टी में रहने वाले 45 परिवारों को घर खाली करने के नाटिस जारी हुए हैं। Image Source : PTI

अहमदाबाद: 24 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अहमदाबाद में बने नए मोटेरा स्टेडियम पहुंचेगे। उनकी इस यात्रा से पहले अहमदाबाद नगर निगम ने स्टेडियम के पास झोपड़पट्टी में रहने वाले 45 परिवारों को वहां से जाने के लिए कहा है। नगर निगम ने सभी परिवारों को उस जगह को खाली करने का नोटिस जारी किया है। बता दें कि दोनों नेता मोटेरा में बने नए क्रिकेट स्टेडियम का उद्घाटन करेंगे और वहां एक सभा को संबोधित करेंगे। इस सभा में एक लाख लोगों के पहुंचने की संभावना है।

स्टेडियम होने वाले नरेंद्र मोदी और डोनाल्ड ट्रंप के कार्यक्रम का काम ‘नमस्ते ट्रंप’ होगा। हालांकि, पहले माना जा रहा था कि इस कार्यक्राम का नाम ‘खेम छो ट्रंप’ होगा लेकिन शनिवार को अहमदाबाद नगर निगम द्वारा जारी ‘नमस्ते ट्रंप’ वाले पोस्टरों से साफ हो गया कि कार्यक्रम का नाम ‘नमस्ते ट्रंप’ होने वाला है। अहमदाबाद पहुंचकर डोनाल्ड ट्रंप प्रसिद्ध गांधी आश्रम जाएंगे और नरेंद्र मोदी के साथ 22 किलोमीटर लंबे रोड शो में हिस्सा लेंगे। यहां होने वाले सभी कार्यक्रमों की तैयारियां तेजी से चल रही हैं।

इन तैयारियों की शिवसेना ने आलोचना की। सोमवार को शिवसेना ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बहुप्रतीक्षित भारत यात्रा के लिए हो रही तैयारी भारतीयों की “गुलाम मानसिकता” को प्रदर्शित करती है। पार्टी के मुखपत्र “सामना” के संपादकीय में कहा गया कि ट्रंप की भारत यात्रा किसी ‘‘बादशाह” की यात्रा की तरह है। अहमदाबाद में एक भूखंड पर कथित तौर पर दीवार बनाए जाने की आलोचना करते हुए शिवसेना ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति की यात्रा से न तो विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपए के गिरते मूल्य में सुधार होगा और न ही दीवार के पीछे झुग्गियों में रहने वालों की हालत सुधेरगी। 

कहा जा रहा है कि ट्रंप की यात्रा से पहले, अहमदाबाद में उस भूखंड पर दीवार बनाई जा रही है जिसमें कई झुग्गियां हैं। सामना में कहा गया, “स्वतंत्रता से पहले, ब्रिटेन के राजा और रानी अपने की भी गुलाम देश में जाते थे। ट्रंप की यात्रा के लिए करदाताओं के पैसे से इसी प्रकार की तैयारियां हो रही हैं। यह भारतीयों की गुलाम मानसिकता का परिचायक है।” अहमदाबाद में झुग्गी झोपड़ियों वाले भूखंड पर ‘‘झुग्गियां छिपाने के लिए’’ अहमदाबाद नगर निगम द्वारा दीवार बनाने के निर्णय को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना करते हुए शिवसेना ने कहा कि ट्रंप के काफिले की नजर से झुग्गियों को छुपाने के लिए दीवार बनाई जा रही है। 

मराठी प्रकाशन ने अपने संपादकीय में कहा है ‘‘कभी पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने ‘गरीबी हटाओ’ का नारा दिया था जिसका लंबे समय तक मजाक उड़ाया गया था। ऐसा लगता है कि अब मोदी की योजना ‘गरीब छुपाओ’ की है।’’ संपादकीय में सवाल किए गए हैं कि क्या अहमदाबाद में इस तरह की दीवार बनाने के लिए कोई वित्तीय आवंटन किया गया है। क्या देश भर में ऐसी दीवार बनाने के लिए अमेरिका भारत को रिण की कोई पेशकश करने जा रहा है। पार्टी ने संपादकीय में कहा है ‘‘हमने सुना है कि ट्रंप अहमदाबाद में केवल तीन घंटे ही रहेंगे लेकिन दीवार के निर्माण से राजकोष पर करीब 100 करोड़ रुपये का भार पड़ रहा है।’’

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत