नई दिल्ली: कोरोना वायरस अब पुलिस विभाग तक पहुंच गया है। चंडीगढ़ पुलिस डीजीपी ने कहा कि मुझे यह बताते हुए बहुत दुख हो रहा है कि हमारे अधिकारियों में से एक को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया है। हालांकि, हमने कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग कर ली है।
चंडीगढ़ पुलिस डीजीपी ने ट्वीट किया, "मुझे यह बताते हुए बहुत दुख हो रहा है कि हमारे अधिकारियों में से एक को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया है। हालांकि, हमने कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग कर ली है और उनके संपर्कों का टेस्ट किया जा रहा है। इसके अलावा, पुलिस लाइंस में नियमित रूप से स्वच्छता का काम किया जा रहा है। बहुत बढ़िया @manojmeena."
मंगलवार को शहर में कोरोना के 8 और नए मामले सामने आए। इनको मिलाकर अब चंडीगढ़ में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 189 तक पहुंच गई है। मंगलवार को जो नए मामले सामने आए हैं उनमें चंडीगढ़ पुलिस की एक लेडी कॉन्स्टेबल और एक डॉक्टर भी शामिल हैं। इनके अलावा एक 3 महीने का बच्चा भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है।
नए मामलों में 5 मरीज बापूधाम से हैं। वहीं, मंगलवार को पीजीआई से दो और मरीज कोरोना को मात देकर घर लौट गए। पीजीआई से अब तक 26 मरीज डिस्चार्ज हो चुके हैं। शहर में सुबह छह लोग पॉजिटिव पाए गए, लेकिन देर रात दो और लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई।