1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. मध्यप्रदेश में कोरोना वायरस का पहला मामला सामने आया, जबलपुर में चार टेस्ट पॉजिटिव

मध्यप्रदेश में कोरोना वायरस का पहला मामला सामने आया, जबलपुर में चार टेस्ट पॉजिटिव

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 20, 2020 09:26 pm IST,  Updated : Mar 20, 2020 11:50 pm IST

मध्यप्रदेश में कोविड-19 का पहला मामला सामने आया, जबलपुर में चार लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है।

प्रतीकात्मक तस्वीर- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर Image Source : PTI

नई दिल्ली: मध्यप्रदेश में कोविड-19 का पहला मामला सामने आया, जबलपुर में चार लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। जबलपुर के जिला कलेक्टर भरत यादव ने शुक्रवार को भाषा को बताया कि जांच रिपोर्ट में हाल ही में दुबई की यात्रा से लौटे एक परिवार के तीन लोगों तथा जर्मनी से लौटे एक व्यक्ति के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। उन्होंने बताया कि ये लोग दो दिन पहले ही विदेश से वापस आए हैं।

यादव ने बताया कि प्रशासन ने उनकी विदेश यात्रा की जानकारी हासिल होने के बाद उनकी जांच के लिए नमूने लिए थे। इन मरीजों को सरकारी जिला विक्टोरिया अस्पताल के पृथक वार्ड में भर्ती कराया गया और बाद में नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज के पृथक वार्ड में स्थानांतरित किया गया है। उन्होंने बताया कि सभी चार लोगों की जांच रिपोर्ट शुक्रवार शाम को पॉजिटिव मिली है।

जिला कलेक्टर ने कहा कि निगरानी प्रोटोकॉल के तहत प्रशासन अब उन लोगों के बारे में जानकारी एकत्र कर रहा है जिनसे ये लोग विदेश यात्रा से वापस आने के बाद जबलपुर में मिले थे। उन्होंने लोगों से एहतियात बरतने की अपील की है। इन लोगों के नमूनों की जांच जबलपुर के नेशनल इंस्टीट्यूट आफ रिसर्च इन ट्राइबल हेल्थ में की गई जो कि मध्यप्रदेश में एम्स भोपाल के बाद कोरोना वायरस की जांच के लिए दूसरा अधिकृत केन्द्र है।

वहीं पूरे देश में कोरोना वायरस मामलों का आंकड़ा बढ़कर 236 हो गया है।  स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक शुक्रवार शाम तक यह आंकड़ा 236 हो गया है, सिर्फ एक दिन में ही 50 से ज्यादा मामले बढ़ गए हैं। गुरुवार शाम को देश में कोरोना वायरस के कुल मामलों का आंकड़ा 173 था।  

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देश के कुल कोरोना वायरस मामलों में सबसे ज्यादा मामले महाराष्ट्र से हैं। महाराष्ट्र में अबतक इस वायरस की गिरफ्त में 52 लोग आ चुके हैं जिनमें 49 भारतीय नागरिकों के मामले हैं और 3 विदेशी नागरिकों के, महाराष्ट्र में इस वायरस की वजह से अबतक 1 व्यक्ति की मौत भी हो चुकी है। महाराष्ट्र के बाद केरल में 28 मामले सामने आए हैं जबकि उत्तर प्रदेश में 23 मामले सामने आ चुके हैं। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत